महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पोटा के बिन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बीजापुर, 21 अक्टूबर 2026/sns/-महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय बीजापुर एवं पोटाकेबिन बीजापुर में महिला एवं बाल सुरक्षा तथा विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, मिशन शक्ति, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव तथा कानूनी अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को मिलने वाली सहायता एवं परामर्श सेवाओं के बारे में बताया गया।
इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन नंबर ’’181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस सहायता 112 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930’’ की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। आमजन की सुविधा के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय की दीवारों पर महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के पोस्टर भी चस्पा किए गए। कार्यक्रम में पुलिस विभाग की ओर से डीएसपी श्री विनीत साहू, महिला सेल की उपनिरीक्षक श्रीमती पूनम शर्मा, श्री नारायण विश्वकर्मा, मनीषा एवं श्री मनोज सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से श्रीमती सुनीता तामड़ी, श्रीमती शीला भारद्वाज एवं सुश्री उर्वशी नाग उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।