आगामी 02 दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों हेतु सलाह 

जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर 2026/sns/- भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त चक्रवात पूर्वानुमान के आधार पर आगामी 28 एवं 29 अक्टूबर को भारी वर्षा होने की संभावना है। बारिश की इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग द्वारा जिले के किसानों को चक्रवात के प्रभाव से खरीफ फसलों की सुरक्षा एवं हानि की संभावना को कम करने हेतु कृषि परामर्श जारी किया गया है।
उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा ने बताया कि धान, दलहन एवं तिलहन की खड़ी फसल पकने की अवस्था में होने पर आगामी दो से चार दिनों तक कटाई स्थगित रखने की सलाह दी गई है। कटाई कर चुके किसान फसल को शीघ्र सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर रखें। खेतों में अतिरिक्त वर्षा जल की निकासी के लिए नालियों की समुचित व्यवस्था करें तथा फसलों में कीट एवं रोगों की नियमित निगरानी करें। कीट या रोग के लक्षण दिखाई देने पर मौसम साफ होने के बाद ही कृषि विशेषज्ञों की सलाह से उचित कीटनाशक या कवकनाशक का उपयोग करें।
कृषि विभाग ने तिवड़ा एवं अलसी की बुवाई कुछ दिनों तक स्थगित रखने तथा रबी फसलों की बुवाई मौसम एवं खेतों में नमी की स्थिति अनुकूल होने पर करने की सलाह दी है। फूलगोभी, ब्रोकली, कुंदरू, पपीता, खीरा एवं करेला जैसी फसलों की बुवाई भी मौसम अनुकूल होने पर करें। लता वाली सब्जियों को तेज हवा से बचाने के लिए सहारा की व्यवस्था करें तथा खेतों एवं बगीचों में जलभराव रोकने के लिए अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करें। ओलावृष्टि की आशंका होने पर सब्जी एवं बागवानी फसलों में ओलावृष्टि-रोधी जाली का उपयोग करें।
कृषि विभाग द्वारा जिले के समस्त किसानों से अपील की गई है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखें तथा मौसम की स्थिति के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाएं। अधिक जानकारी एवं आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन के लिए अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं कृषि विज्ञान केन्द्र से संपर्क करें।

About The Author