मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना: पंजीयन एवं सत्यापन 31 अक्टूबर तक
मुंगेली, 27 अक्टूबर 2026/sns/- मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के मेरिटधारी विद्यार्थियों के पंजीयन एवं सत्यापन 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकता है। इसके लिए राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर लिंक के माध्यम से विद्यार्थियों को पंजीयन, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने तथा आवेदन सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। योजना के संबंध में अधिक जानकारी राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल schoolscholarship.cg.nic.in पर उपलब्ध हैं।
पंजीयन के लिए स्थायी जाति प्रमाण पत्र एवं मूल निवास प्रमाण पत्र के आवेदन संदर्भ क्रमांक का उपयोग करते हुए आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करना होगा। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए संबंधित विद्यार्थी का महाविद्यालय में अध्ययनरत होना आवश्यक है। इसके लिए विद्यार्थियों को राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध बोनाफाइड प्रमाण पत्र का प्रारूप डाउनलोड कर संबंधित महाविद्यालय से प्रमाणित कराना होगा। इसके बाद महाविद्यालय की फीस रसीद सहित आवश्यक प्रमाण पत्र पोर्टल पर अपलोड करना होगा। विद्यार्थियों को आवेदन में अपने बैंक खाते की जानकारी भी दर्ज करनी होगी। सभी आवश्यक विवरण एवं दस्तावेज पूर्ण करने के बाद आवेदन संबंधित उस विद्यालय को भेजना होगा, जहां से विद्यार्थी ने कक्षा 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है।