दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तिकरण की अनूठी पहल: बलौदाबाजार में जिला स्तरीय सहकारी समिति का गठन

बलौदाबाजार, 27 अक्टूबर 2026/sns/- जिले के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और उद्यमिता से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय और अनूठी पहल की गई है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में ‘उड़ान दिव्यांगजन मल्टीपरपज जिला स्तरीय सहकारी समिति’ का गठन किया गया है, जिसकी विशेषता यह है कि इसके अध्यक्ष सहित सभी सदस्य दिव्यांगजन ही हैं।

समिति का उद्देश्य दिव्यांगजनों को कौशल, व्यवसाय और बाजार से जोड़कर नियमित आय के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए सशक्त बनाना है।इस कड़ी में, कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में समिति द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति के सदस्यों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की बारीकी से जांच की और उनकी उच्च गुणवत्ता की सराहना की। इस दौरान कलेक्टर ने स्वयं स्टॉल से सामग्री खरीदकर समिति के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया।

वर्तमान में समिति की गतिविधियों का संचालन मनोविकास परिसर, कृषि उपज मंडी, बलौदाबाजार में किया जा रहा है।उड़ान दिव्यांग मल्टीपरपज़ कोऑपरेटिव सोसायटी के अंतर्गत दिव्यांगजनों की क्षमताओं, कौशल और स्थानीय बाजार की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यावसायिक इकाइयों को विकसित करने की योजना है। इसमें पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर यूनिट ⁠गारमेंट एवं बैग निर्माण इकाई,खाद्य प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई, ⁠बेकरी एवं खाद्य उत्पाद इकाई,कॉर्पोरेट गिफ्टिंग, कस्टमाइज्ड गिफ्ट हैम्पर्स, ड्राई फ्रूट्स पैक, टी-शर्ट, कैप, मग, स्मृति चिह्न, कार्यालय स्टेशनरी, प्रचार सामग्री और अन्य उपहार उत्पादों की आपूर्ति शामिल है।

About The Author