बसंती पांडेय के लिए संजीवनी बनी सरकार की निःशुल्क हेल्पलाइन
सुकमा, 27 अक्टुबर 2026/sns/- प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की प्रतिबद्धता दूरदराज के अंचलों में भी आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। कुम्हाररास सुकमा निवासी श्रीमती बसंती पांडेय विवाह के बाद अपने आधार कार्ड में उपनाम (सरनेम) बदलने तथा “केयर ऑफ“(C/o) में पति का नाम दर्ज कराने को लेकर लंबे समय से परेशान थीं। आवश्यक औपचारिकताओं और तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण उनका यह जरूरी काम अटक रहा था, जिससे उनके कई अन्य शासकीय व व्यक्तिगत कार्य भी प्रभावित हो रहे थे
अपनी उलझन को सुलझाने के लिए श्रीमती बसंती ने शासन की पारदर्शी व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए श्सीएम हेल्पलाइन 1076श् पर कॉल कर अपनी समस्या दर्ज कराई। शासन के इस सिंगल-विंडो सिस्टम ने एक आम गृहणी की परेशानी को प्राथमिकता दी और उनकी शिकायत दर्ज होते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। बिना किसी दफ्तर के चक्कर काटे, केवल एक फोन कॉल से मिली इस राहत ने यह स्पष्ट कर दिया कि शासन की पहुंच अब पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक बेहद सुगम हो चुकी है।
शिकायत को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभाग और जिला प्रशासन ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्वरित व व्यवस्थित कार्रवाई सुनिश्चित की। प्रशासनिक अमले के सक्रिय समन्वय के परिणामस्वरूप महज कुछ ही दिनों के भीतर उनके आधार कार्ड में सरनेम संशोधन और पति का नाम अपडेट करने की पूरी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न कर ली गई। समयबद्ध तरीके से हुआ यह कार्य प्रशासनिक कार्यकुशलता और सेवा भाव का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।
दस्तावेज में जरूरी सुधार होने के बाद श्रीमती बसंती पांडेय के चेहरे पर संतोष और राहत के भाव स्पष्ट नजर आए। वर्षों की चिंता कुछ ही दिनों में दूर होने पर अभिभूत हितग्राही ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और सुकमा जिला प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन ने एक आम नागरिक की आवाज को सीधे सरकार तक पहुंचाया और यह साबित किया कि संवेदनशील प्रशासन हर कदम पर जनता के साथ खड़ा है।