सहायक प्रोग्रामर एवं लेखापाल के संविदा पदों हेतु पात्र-अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी
अम्बिकापुर, 28 अक्टूबर 2026/sns/- कार्यालय कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (VB-GRAMG), जिला सरगुजा द्वारा जनपद पंचायत स्तर पर सहायक प्रोग्रामर एवं लेखापाल के संविदा पदों पर भर्ती हेतु प्राप्त आवेदनों के प्रारंभिक परीक्षण उपरांत पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। प्रकाशित सूची के संबंध में अभ्यर्थियों से 10 नवंबर 2026 तक दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।
कार्यालय द्वारा उक्त संविदा पदों की पूर्ति हेतु 25 सितम्बर 2026 को विज्ञापन प्रकाशित कर 10 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित प्रारूप में स्पीड पोस्ट अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि में दोनों पदों के लिए कुल 267 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका चयन समिति द्वारा प्रारंभिक परीक्षण किया गया।
प्रारंभिक परीक्षण में सहायक प्रोग्रामर (संविदा) के विज्ञापित 02 पदों के लिए प्राप्त 139 आवेदनों में से 108 अभ्यर्थी पात्र एवं 31 अपात्र पाए गए। इसी प्रकार लेखापाल (संविदा) के विज्ञापित 07 पदों के लिए प्राप्त 128 आवेदनों में से 111 अभ्यर्थी पात्र एवं 17 अपात्र पाए गए।
अभ्यर्थी प्रकाशित पात्र-अपात्र सूची के संबंध में सुसंगत अभिलेखों सहित अपनी दावा-आपत्ति 10 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक कार्यालय जिला पंचायत सरगुजा में प्रस्तुत कर सकते हैं।