विचारपुर नवागांव में 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र ऊर्जीकृत, 31 गांवों के 4250 उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर बिजली सुविधा
राजनांदगांव, 30 अक्टूबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा राजनांदगांव जिले के ग्राम विचारपुर नवागांव में मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत नवनिर्मित 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र को राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम के करकमलों द्वारा विधिवत ऊर्जीकृत किया गया। इस उपकेन्द्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के 31 गांवों के लगभग 4250 विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता की बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस उपकेन्द्र का निर्माण मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत 3 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से किया गया है। उपकेन्द्र में 3.15 एम.व्ही.ए. क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 19 किलोमीटर 33 के.व्ही. तथा 3 किलोमीटर 11 के.व्ही. की नई विद्युत लाइन का निर्माण किया गया है। नवीन उपकेन्द्र एवं विस्तारित विद्युत नेटवर्क से क्षेत्र में बिजली वितरण की क्षमता और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
नवीन उपकेन्द्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति का बेहतर प्रबंधन संभव होगा। स्थानीय स्तर पर विद्युत वितरण नेटवर्क को मजबूती मिलने से कम वोल्टेज एवं ओवरलोडिंग की समस्या में कमी लाने में मदद मिलेगी। विशेषकर ग्रामीण एवं कृषि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में सुधार होगा। इससे घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों तथा अन्य विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम ने बताया कि पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह एवं प्रबंध संचालक (वितरण) श्री भीमसिंह कंवर के कुशल के मार्गदर्शन में जिले में मांग के अनुरूप नवीन उपकेन्द्रों का निर्माण एवं विद्यमान उपकेन्द्रों की भार वहन क्षमता में वृद्धि निरंतर की जा रही है। इससे विशेषकर अधिक मांग के समय ओवरलोडिंग, लो-वोल्टेज एवं बार-बार ट्रिपिंग की समस्या में उल्लेखनीय कमी आयेगी। कृषि एवं धान के मौसम में सिंचाई पंपों के संचालन से विद्युत मांग बढ़ जाती है।
ऐसे समय में नये उपकेन्द्र के ऊर्जीकरण से किसानों को बेहतर वोल्टेज के साथ अधिक भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में सहायक होगी। इससे सिंचाई व्यवस्था सुचारु होने के साथ-साथ ग्रामीण एवं घरेलू उपभोक्ताओं को भी विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार का लाभ मिलेगा। विचारपुर नवागांव का यह नवीन 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र इसी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण है। इससे न केवल 31 गांवों की विद्युत व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
इस अवसर पर राजनांदगांव वृत्त के अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर, कार्यपालन अभियंता श्री मुकेश कुमार साहू, श्री नुरेन्द्र कुमार साहू, सहायक अभियंता श्री सुशील कोड़ापे, श्री एस.पी. ठाकुर, श्री कुबेरसिंह मरकाम सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।