डिजिटल सुशासन की ओर बढ़ता बीजापुर, सेवा सेतु पोर्टल से शासकीय सेवाएं होंगी और अधिक सुलभ

बीजापुर, 30 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में शासकीय सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल एवं नागरिकों के लिए सुलभ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, बीजापुर द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से दो महत्वपूर्ण सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग प्रमाण-पत्र (EWS Certificate) एवं विद्यालय स्थानांतरण प्रमाण-पत्र School TC Certificate से संबंधित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं तथा सेवाओं के संचालन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल प्रणाली की तकनीकी प्रक्रियाओं से परिचित कराना तथा नागरिकों के आवेदनों के निराकरण एवं सेवा प्रदाय व्यवस्था को अधिक सरल, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाना रहा।

डिजिटल सेवाओं के विस्तार से आम नागरिकों को मिलेगी सुविधा- सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की पहल से नागरिकों को आवश्यक प्रमाण-पत्रों के लिए आवेदन करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने, समय की बचत करने तथा शासकीय सेवाओं की पहुंच ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, बीजापुर द्वारा सेवा सेतु पोर्टल के प्रभावी संचालन, अधिकारियों-कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने तथा डिजिटल सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह पहल जिले में डिजिटल सुशासन को सुदृढ़ बनाने एवं नागरिकों को सरल, सुगम और समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

About The Author