राज्योत्सव-2026 की तैयारियों का कलेक्टर अमित कुमार ने लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश
सुकमा, 30 अक्टुबर 2026/sns/- जिले में 02 नवंबर 2026 को मिनी स्टेडियम सुकमा में आयोजित होने वाले जिलास्तरीय राज्योत्सव-2026 की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने शुक्रवार को मिनी स्टेडियम पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में सुव्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि राज्योत्सव का आयोजन गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
राज्योत्सव के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले की विकासात्मक उपलब्धियों, नवाचारों एवं सफल परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपने स्टॉल को प्रभावी, रचनात्मक एवं जनोपयोगी स्वरूप प्रदान करे। प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
इस वर्ष राज्योत्सव-2026 की मुख्य थीम “सशक्त नारी, युवा उड़ान” रखी गई है। थीम के अनुरूप महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं और उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। महिला एवं युवा हितग्राहियों की प्रेरणादायक सफलता की कहानियों को भी प्रदर्शनी में प्रमुखता दी जाएगी, ताकि उनकी उपलब्धियां अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बन सकें। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन, आदिवासी विकास, श्रम, खेल एवं युवा कल्याण सहित कुल 18 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि जिलास्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा प्रदर्शनी में जिले की प्रगति, जनकल्याणकारी कार्यों और जनजातीय अंचल में हो रहे सकारात्मक बदलावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।