’स्किल2फिन परियोजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों पर की गई चर्चा’

बलौदाबाजार, 4 नवंबर 2026/sns/- भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, बलौदाबाजार में बुधवार को स्किल2फिन परियोजना के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में परियोजना की प्रगति, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान स्किल2फिन परियोजना के अंतर्गत जिले में अब तक हुई प्रगति, युवाओं एवं जरूरतमंद लोगों के कौशल विकास, प्रशिक्षण, रोजगार से जोड़ने तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की समीक्षा की गई। साथ ही जिले में उपलब्ध विभिन्न रोजगार संभावनाओं, स्थानीय उद्योगों एवं संस्थानों में रोजगार के अवसरों की पहचान तथा युवाओं को वित्तीय सहायता एवं बैंकिंग योजनाओं से जोड़ने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया।

उल्लेखनीय है कि स्किल2फिन परियोजना नाबार्ड एवं भारतीय रिजर्व बैंक की पहल है, जिसका क्रियान्वयन नब फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। परियोजना का उद्देश्य कौशल विकास, वित्तीय जागरूकता एवं रोजगार के अवसरों के माध्यम से युवाओं और समुदायों को आजीविका के बेहतर साधनों से जोड़ना है।

बैठक में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अंकित कुमार पाल, अग्रणी जिला प्रबंधक शिव कुमार, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक गुणेश्वरी साहू, आरसेटी के निदेशक बैजनाथ कुमार तथा नाबार्ड फाउंडेशन से अमन कौशिक,सामुदायिक संसाधन संस्थाओं श्री फाउंडेशन ट्रस्ट,सब्द फाउंडेशन एवं ग्राम बरतौरी विकास शिक्षण समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author