सखी वन स्टॉप सेंटर के सात पदों की पात्र एवं अपात्र सूची जारी
मुंगेली, 04 नवंबर 2026/sns/- मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर मुंगेली में विभिन्न स्वीकृत पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। सूची के संबंध में अभ्यर्थियों से 23 नवंबर 2026 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है। अभ्यर्थी अपना आवेदन स्वयं उपस्थित होकर अथवा डाक/पोस्ट के माध्यम से जिला कलेक्टोरेट स्थित कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग कक्ष क्रमांक 256 में जमा कर सकते हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर के सुचारू संचालन के लिए कुल सात श्रेणियों के पदों पर सेवा प्रदाता के माध्यम से मासिक वेतन पर नियुक्ति की प्रक्रिया की जा रही है। इनमें साइको-सोशल काउंसलर, केस वर्कर, कार्यालय सहायक, पैरा लीगल कार्मिक/वकील, पैरा मेडिकल स्टाफ कार्मिक, बहुउद्देशीय सहायक तथा सुरक्षा गार्ड एवं नाइट गार्ड के पद शामिल हैं। अभ्यर्थी पदवार पात्र एवं अपात्र सूची का अवलोकन मुंगेली जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://mungeli.gov.in/ तथा कार्यालय के सूचना पटल पर कर सकते हैं।