अवैध मदिरा के विरूद्ध आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
राजनांदगांव, 06 नवम्बर 2026/sns/-कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार अवैध मदिरा निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं अवैध शराब विक्रेताओं के विरूद्ध जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त आबकारी श्री राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा जिले में 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 तक अवैध मदिरा निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लगातार कार्रवाई की गई। इस अवधि में आबकारी विभाग द्वारा कुल 521 प्रकरण दर्ज किये गए। जिनमें गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 516, कुल छत्तीसगढ़ राज्य जप्त मदिरा 1016.05 बल्क लीटर, अन्य प्रान्त की जप्त मदिरा 1080.13 बल्क लीटर, गैर-जमानती धाराओं के अंतर्गत दर्ज प्रकरण 36 है। अवैध मदिरा के परिवहन में प्रयुक्त कुल 4 वाहनों को जप्त किया गया। अन्य प्रान्त की अवैध मदिरा के परिवहन एवं संग्रहण के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए 1080.13 बल्क लीटर मदिरा जप्त की गई। गंभीर प्रकृति के अवैध मदिरा संबंधी मामलों में गैर जमानती धाराओं के अंतर्गत कुल 36 प्रकरण दर्ज किये गये। विभिन्न कार्रवाई में कुल 516 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सहायक आयुक्त आबकारी ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा जिले की समस्त मदिरा दुकानों में सतत निगरानी रखी जा रही है। उडऩदस्ता टीम एवं आबकारी टीम राजनांदगांव द्वारा नियमित निरीक्षण एवं जांच करते हुए निर्धारित दर से अधिक दर पर मदिरा विक्रय (ओवर रेटिंग) के विरूद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान ओवर रेटिंग के कुल 5 प्रकरण दर्ज किये गये। अवैध शराब निर्माण, परिवहन एवं विक्रय अथवा मदिरा दुकानों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर नागरिक आबकारी विभाग के टोल फ्री नंबर 14405 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने, शासन के राजस्व की सुरक्षा करने तथा मदिरा दुकानों में निर्धारित दर एवं नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।