सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत से सात दिन में रोशन हुआ गांव

रसुकमा,  07 नवम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से सुकमा जिले के कोकावाड़ा (जांगड़पाल) निवासी श्री रितेश कुमार यादव को आत्मीय शुभकामना संदेश प्रेषित किया गया। मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से श्री यादव एवं उनके परिवार को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री की ओर से प्राप्त इस विशेष संदेश ने रितेश यादव और उनके परिवार की खुशियों को दोगुना कर दिया।
मुख्यमंत्री के आत्मीय संदेश से अभिभूत हुए रितेश यादव, जताया आभार
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की ओर से ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से प्राप्त शुभकामना संदेश पर श्री रितेश कुमार यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से व्यक्तिगत रूप से पत्र प्राप्त होना उनके और उनके परिवार के लिए बेहद खुशी एवं सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह आत्मीय संदेश शासन और आम नागरिकों के बीच आत्मीय जुड़ाव को दर्शाता है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हृदय से धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से गांव की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान, सात दिनों में जगमगाया मार्ग
उल्लेखनीय है कि छिंदगढ़ विकासखंड के कोकावाड़ा (जांगड़पाल) गांव के लगभग 450 ग्रामीणों को पुसपाल-चितलनार मार्ग पर वर्षों से अंधेरे की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। रात के समय घने जंगलों से घिरे इस मार्ग पर आवागमन करना ग्रामीणों के लिए चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में गांव के युवा श्री रितेश कुमार यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर फोन कर सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग दर्ज कराई। शिकायत पर कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज सात दिनों के भीतर मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगवा दीं। इससे अब ग्रामीणों को रात्रि में आवागमन के दौरान काफी राहत और सुरक्षा मिल रही है।
श्री रितेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी और पूरे गांव की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है। गांव की सड़क रोशनी से जगमगा उठी है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को रात में आने-जाने में सुविधा मिल रही है। उन्होंने ग्रामीणों की ओर से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल दूरस्थ गांवों तक शासन की संवेदनशीलता, सुशासन और विकास के विश्वास को पहुंचाने का सशक्त उदाहरण है।

About The Author