जनजातीय गौरव दिवस पर 18 नवंबर को बीजापुर में सजेगा आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का भव्य मंच
बीजापुर, 17 नवंबर 2026/sns/- जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति, कला एवं परंपराओं के संरक्षण तथा जनजातीय नायकों के अतुलनीय योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा 18 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह जवाहर नवोदय विद्यालय (एजुकेशन सिटी), बीजापुर में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा। समारोह में अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री विक्रम उसेंडी मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बीजापुर विधायक श्री विक्रम शाह मंडावी, पूर्व वन मंत्री श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी उपस्थित रहेंगी। इसके अतिरिक्त जनजातीय समाज के प्रमुखों, मांझी, चालकी, गायता, पुजारी सहित त्रिस्तरीय पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
आदिवासी कला, संस्कृति और हस्तशिल्प की दिखेगी अनूठी झलक- समारोह में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले समाज प्रमुखों का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर पारंपरिक आदिवासी कला, स्थानीय व्यंजन, हस्तशिल्प एवं जनजातीय जीवनशैली पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय लोककला, नृत्य, संगीत एवं परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिलेगी। यह आयोजन जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने और गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
जिला प्रशासन ने की अधिक से अधिक सहभागिता की अपील- जिला प्रशासन बीजापुर ने जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के प्रमुखों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से 18 नवंबर को प्रातः 11 बजे जवाहर नवोदय विद्यालय, एजुकेशन सिटी बीजापुर में आयोजित समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं के सम्मान में सहभागी बनने की अपील की है।