अवैध धान परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, बिहार से आ रहा 750 बोरी धान का ट्रक पकड़ा

कवर्धा, 19 नवंबर2026/sns/- दूसरे राज्यों से अवैध धान के परिवहन पर रोक लगाने और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर चिल्फी चेकपोस्ट पर संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के कैमूर से आ रहे 750 बोरी धान से लदे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में 304 क्विंटल धान का परिवहन किया जा रहा था। जिला खाद्य अधिकारी श्री चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में खाद्य, मंडी, राजस्व, आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने धान सहित ट्रक जब्त कर लिया। मंडी अधिनियम के उल्लंघन पर प्रकरण तैयार कर कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर जिले की अंतर्राज्यीय सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित कर वहां खाद्य, मंडी, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीमावर्ती रास्तों से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि दूसरे राज्यों से अवैध धान जिले में प्रवेश कर खरीदी व्यवस्था को प्रभावित न कर सके। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को चेकपोस्टों पर मुस्तैदी से निगरानी रखने और अवैध धान परिवहन के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन की स्पष्ट मंशा है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध परिवहन और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author