स्वामी आत्मानंद स्कूल बीजापुर में NCC कैडेट्स को बाल अधिकार एवं सामाजिक भेदभाव पर जागरूक किया गया

बीजापुर, 19 नवंबर 2026/sns/- महिला एवं बाल विकास विभाग जिला बीजापुर के तत्वावधान में आज स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बीजापुर में वीरांगना दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के  NCC कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान बच्चों को ‘‘बाल अधिकार एवं सामाजिक भेदभाव‘‘ विषय पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, खेलकूद और अपनी बात कहने का अधिकार है। बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, शारीरिक एवं मानसिक शोषण से बच्चों की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही सामाजिक भेदभाव के सकारात्मक और नकारात्मक पक्षों पर तुलनात्मक प्रस्तुतीकरण किया गया।  NCC के बच्चों द्वारा नाट्य/स्किट प्रदर्शन के माध्यम से बताया गया कि जाति, लिंग, रंग, गरीबी या विकलांगता के आधार पर किसी भी बच्चे के साथ भेदभाव करना गलत है और समाज को इससे ऊपर उठकर सभी बच्चों को समान अवसर देना चाहिए।

बच्चों ने दिया संदेश दिया –‘‘भेदभाव को ना, बाल अधिकार को हाँ‘‘- इस अवसर पर वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, सावित्रीबाई फुले, रानी दुर्गावती, अवंतीबाई लोधी जैसी वीरांगनाओं से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ती बेटियों विषय पर भी विशेष परिचर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि आज की बेटियाँ ही कल का सशक्त भारत बनाएंगी, इसलिए उन्हें शिक्षा और आत्मरक्षा के लिए प्रेरित करना जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को विक्रम सिंह जिला समन्वयक द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और पुलिस हेल्पलाइन 112 के बारे में जानकारी दी गई और कहा गया कि किसी भी बच्चे के साथ गलत हो रहा हो तो बिना डरे इसकी सूचना दें, शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण,  NCC प्रभारी, जिला बाल संरक्षण इकाई,महिला शसक्तीकरण के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

About The Author