ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन एवं तिलहन फसलों को प्राथमिकता देने की सलाह
बलौदाबाजार, 20 नवम्बर 2026/sns/- जिले में गिरते भू-जल स्तर को नियंत्रित करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने किसानों से ग्रीष्मकालीन (रबी) धान की फसल नहीं लेने की अपील की है। प्रशासन ने किसानों को सलाह दी है कि वे धान के स्थान पर कम पानी में तैयार होने वाली लाभकारी दलहन और तिलहन फसलों की खेती करें। जिले की कृषि परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चना, मूंग, उड़द, मक्का, सूरजमुखी, तिल, सब्जियाँ, तरबूज एवं खरबूजा जैसी फसलें विकल्प के रूप में ली जा सकती हैं। फसल का चयन स्थानीय मिट्टी एवं सिंचाई की उपलब्धता के आधार पर किया जाना चाहिए।
जल संकट और धान की खेती के प्रभाव– ग्रीष्मकालीन धान की फसल में अत्यधिक सिंचाई की आवश्यकता होती है, जिससे जिले के भू-जल स्तर में लगातार गिरावट आ रही है। भूमिगत जल के अत्यधिक दोहन से गर्मी के दिनों में आम नागरिकों और मवेशियों के लिए पेयजल संकट उत्पन्न होने का खतरा बढ़ जाता है। लगातार एक ही फसल (धान) लेने से खेत की मिट्टी के पोषक तत्व कम हो जाते हैं और फसल की लागत बढ़ जाती है।
दलहन और तिलहन खेती के लाभ-चना, मूंग, उड़द, सरसों, तिल और सूरजमुखी जैसी फसलों को धान की तुलना में बहुत कम पानी की जरूरत होती है। इन फसलों की बाजार में अच्छी मांग रहती है और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी की सुविधा होने से किसानों को अधिक शुद्ध लाभ मिलता है। दलहनी फसलों की जड़ें वायुमंडल से नाइट्रोजन लेकर मिट्टी में स्थिर करती हैं, जिससे अगली फसल के लिए उर्वरक का खर्च कम होता है।किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के तहत जिले की 31 सहकारी समितियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था की गई है। केंद्र सरकार द्वारा रबी विपणन वर्ष 2027-28 हेतु मसूर 7,390/-, सरसों 6,613/-, चना 5,958/- की नई दरें प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है।
धान के मुकाबले दोगुना फायदा-ग्रीष्मकालीन धान की फसल में अत्यधिक सिंचाई से न केवल भू-जल स्तर नीचे जा रहा है, बल्कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी कम हो रही है। वहीं चना, मसूर, सरसों और सूरजमुखी जैसी फसलों को बहुत कम सिंचाई की आवश्यकता होती है। दलहनी फसलों की जड़ें खेत में नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ाती हैं, जिससे अगली फसल में खाद की लागत कम आती है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फसल विविधीकरण अपनाने वाले किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अंतर्गत किसानों को उन्नत किस्म के प्रमाणित बीजों पर विशेष अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, कृषि विज्ञान केंद्र और मैदानी अमले द्वारा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने समस्त कृषक बंधुओं से आग्रह किया है कि वे भविष्य के जल संकट को देखते हुए ग्रीष्मकालीन धान को हतोत्साहित करें। अधिक जानकारी एवं बीज की उपलब्धता के लिए अपने क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या विकासखंड कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।