लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश बंसल, E-in-C एवं CE ने निर्माण और सड़क संधारण कार्यों का किया निरीक्षण

अम्बिकापुर, 21 नवम्बर 2026/sns/-  लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश बंसल, इंजीनियर-इन-चीफ (E-in-C) श्री वी. के. भटपहारी एवं मुख्य अभियंता (CE) श्री के. पी. संत द्वारा विगत 19 एवं 20 दिसंबर को अम्बिकापुर संभाग के अंतर्गत विभिन्न निर्माण एवं सड़क संधारण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान सोनतराई–मैनपाट मार्ग, दरिमा–मैनपाट मार्ग, बरियो–धौरपुर मार्ग एवं दरिमा एयरपोर्ट मार्ग का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कमलेश्वरपुर कॉलेज भवन एवं मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण कार्यों की प्रगति का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय परिसर का निरीक्षण कर विभागीय व्यवस्थाओं एवं परिसंपत्तियों के रखरखाव की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, सड़क संधारण एवं विभागीय परिसंपत्तियों के समुचित रखरखाव की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण करने तथा सड़क संधारण कार्यों में नियमित निगरानी और तत्परता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों को निर्माण एवं संधारण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

About The Author