परिसीमन पर विपक्ष के निराधार आरोप उसके निरंतर हार की हताशा का परिणाम – मुख्यमंत्री श्री साय
परिसीमन पर विपक्ष के निराधार आरोप उसके निरंतर हार की हताशा का परिणाम – मुख्यमंत्री श्री साय
भाजपा और एनडीए लगातार जनता का विश्वास अर्जित कर रहे हैं, चुनावी हार से हताश विपक्ष के आरोपों में कोई दम नहीं : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
विपक्ष की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर, देश की जनता अब इनके बहकावे में आने वाली नहीं : मुख्यमंत्री
पटवारी संघ का हड़ताल समाप्त करने का निर्णय स्वागत योग्य – मुख्यमंत्री श्री साय
पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए गठित होगी समिति, हड़ताल अवधि की कार्यवाहियों पर भी होगा सहानुभूतिपूर्वक विचार
भाजपा की रीति-नीति और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में युवा मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री श्री साय
भारतीय जनता युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति में सात सत्रों के माध्यम से होगा विभिन्न विषयों पर मंथन
रायपुर 22 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने परिसीमन को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए अपनी नीतियों, जनकल्याणकारी कार्यों और जनता के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर लगातार देशवासियों का विश्वास अर्जित कर रहे हैं। दूसरी ओर, लगातार चुनावी पराजय से हताश विपक्ष अनर्गल आरोप लगाकर अपनी खीझ मिटाने का प्रयास कर रहा है। विपक्ष के आरोपों में कोई दम नहीं है और देश की जनता उसकी वास्तविकता को भलीभांति समझ चुकी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आज भारतीय जनता युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के शुभारंभ सत्र में शामिल होने के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह बात कही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जिन लोगों की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर रहा है, जिन्होंने वर्षों तक झूठ बोलकर देश की जनता को गुमराह किया और सत्ता हासिल की, वे आज दूसरों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के लिए ‘नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ की कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि देश की जनता अब विपक्ष की वास्तविकता को समझ चुकी है। यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए को लगातार जनता का समर्थन और विश्वास मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावों में बार-बार पराजय से विपक्ष बौखलाया हुआ है और इसी हताशा में निराधार बयानबाजी कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली स्थिति विपक्ष की हो गई है। जनता ऐसे आरोपों को गंभीरता से नहीं लेती।
मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद पटवारी संघ का आंदोलन समाप्त करने का निर्णय स्वागतयोग्य
पत्रकारों द्वारा पटवारी संघ की हड़ताल के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ पटवारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री निवास पहुंचा था। प्रतिनिधिमंडल के साथ विभिन्न मांगों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। चर्चा के बाद संघ के पदाधिकारियों ने पिछले कई दिनों से जारी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने संघ के इस निर्णय का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पटवारी संघ की ओर से वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के निराकरण के लिए समिति गठित करने का आग्रह किया गया था। सरकार ने इन मांगों के परीक्षण के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया है। समिति के समक्ष पटवारी संघ के प्रतिनिधि भी अपने सुझाव रख सकेंगे। समिति सभी पहलुओं का परीक्षण कर अपनी उचित अनुशंसाओं के साथ रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हड़ताल की अवधि में कुछ पटवारियों के विरुद्ध हुई कार्यवाहियों के संबंध में भी संघ ने अपनी बात रखी है। सरकार इस विषय पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उन्होंने पटवारी संघ के प्रतिनिधियों से कहा कि वर्तमान समय किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश में धान खरीदी का कार्य चल रहा है। इसके साथ ही चक्रवात और अत्यधिक बारिश के कारण कई क्षेत्रों में फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिसका आकलन करना और प्रभावित किसानों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारी भी किसान परिवारों से जुड़े हुए हैं और किसानों की समस्याओं तथा उनकी जरूरतों को भलीभांति समझते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण समय में राजस्व अमले की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि पटवारी संघ ने सरकार के आग्रह को स्वीकार करते हुए आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों के प्रति संवेदनशील है। सरकार संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से समस्याओं के समाधान में विश्वास रखती है। साथ ही किसानों और आम नागरिकों के हितों की रक्षा तथा उन्हें समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
युवा मोर्चा के कंधों पर संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के संबंध में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यसमिति की बैठकें संगठन की एक सतत और महत्वपूर्ण प्रक्रिया हैं। मूल संगठन के साथ ही विभिन्न मोर्चों की कार्यसमिति की बैठकें भी नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं। इन बैठकों के माध्यम से संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति में कुल सात सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सत्र में अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। इन सत्रों में भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा पार्टी की युवा शक्ति है। युवा कार्यकर्ताओं के कंधों पर संगठन को मजबूत बनाने के साथ ही सरकार की योजनाओं और कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दो दिनों तक चलने वाली यह प्रदेश कार्यसमिति अत्यंत सार्थक और फलदायी सिद्ध होगी तथा इससे युवा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, दिशा और प्रेरणा मिलेगी।