सेवा सेतु के माध्यम से दो दिनों मे मिला केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, रेलवे भर्ती परीक्षा में शामिल होने का खुला अवसर

बलौदाबाजार, 27 नवंबर 2026/sns/- जिले में सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ समयबद्ध एवं सुगम तरीके से मिल रहा है। इसी कड़ी में तहसील कार्यालय बलौदाबाजार स्थित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से नयापारा, तहसील लवन निवासी टिकेश्वर विश्वकर्मा को आवेदन करने के महज दो दिनों के भीतर केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ।

टिकेश्वर विश्वकर्मा, पिता श्री बलीराम विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने 23 नवंबर 2026 को केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र के लिए सेवा सेतु केंद्र तहसील कार्यालय बलौदाबाजार में आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन के निराकरण उपरांत 25 नवंबर 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बलौदाबाजार द्वारा प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि समय पर प्रमाण पत्र प्राप्त होने से उन्हें रेलवे भर्ती परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सका। इस सुविधा के लिए उन्होंने शासन-प्रशासन एवं सेवा सेतु केंद्र के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी संतुष्टि जाहिर की।

सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से शासकीय सेवाओं का समयबद्ध निराकरण नागरिकों के लिए सुविधा और सहूलियत का माध्यम बन रहा है।

About The Author