बीजापुर में गूंजा एक ही संकल्प – “न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे”
बीजापुर, 27 नवंबर 2026/sns/- बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के 02 वर्ष पूर्ण होने एवं International Day for the Elimination of Child, Early and Forced Marriage के अवसर पर आज जिला बीजापुर में बाल विवाह रोकथाम हेतु जिलेभर में वृहद जागरूकता अभियान चलाया गया। सुबह से ही गाँव-गाँव, स्कूल-स्कूल में एक ही आवाज गूंज रही थी – “न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे।”
समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन
जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में आज विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सभा में सरपंच, पंच, ग्राम पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन, शिक्षक, बीजादूतेर स्वयंसेवक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।
ग्राम सभा में पंचायत स्तर के बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी (CMPO) के रूप में ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के और 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की का विवाह बाल विवाह है, जो दंडनीय अपराध है। इसमें विवाह कराने वाले, सहयोग करने वाले एवं उपस्थित रहने वाले सभी पर 02 वर्ष तक के कारावास एवं 01 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
सभा में उपस्थित सभी लोगों को सामूहिक शपथ दिलाई गई कि वे अपने गाँव में न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे और यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिलती है तो तत्काल हेल्पलाइन 1098 (चाइल्डलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) पर सूचना देंगे।
स्कूल, आश्रम, महाविद्यालय एवं पोर्टाकेबिन में जागरूकता
जिले के सभी स्कूल, आश्रम, महाविद्यालय एवं पोर्टाकेबिन में भी आज विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों को प्रार्थना सभा में ही बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। शिक्षकों ने बताया कि कम उम्र में विवाह होने से लड़कियों की शिक्षा रुक जाती है, स्वास्थ्य खराब होता है और उनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है।
बच्चों ने पोस्टर, नारा लेखन, चर्चा एवं शपथ के माध्यम से अपनी भागीदारी निभाई। बच्चों ने कहा – “बेटी को पढ़ाएं, आगे बढ़ाएं, बाल विवाह को जड़ से मिटाएं।” कई स्कूलों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा रैली भी निकाली गई।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने वीडियो संदेश से की अपील
कलेक्टर, जिला बीजापुर श्री विश्वदीप द्वारा इस अवसर पर वीडियो संदेश के माध्यम से जिलेवासियों के नाम विशेष अपील जारी की गई।
अपने संदेश में कलेक्टर महोदय ने कहा –
> “बाल विवाह हमारे समाज के लिए कलंक है। यह बच्चों के बचपन, शिक्षा और सपनों को छीन लेता है। बीजापुर को बाल विवाह मुक्त बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए, आज हम सब शपथ लें – न बाल विवाह करेंगे, होने देंगे।”
कलेक्टर महोदय का यह वीडियो संदेश जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ,व्हाट्सएप ग्रुपों एवं पंचायतों में व्यापक रूप से प्रसारित किया गया ।
राज्य स्तरीय “जन-संवाद” का किया गया लाइव श्रवण
आज रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय “जन-संवाद” कार्यक्रम का भी जिला कार्यालय बीजापुर सहित जिले के विभिन्न केंद्रों में लाइव श्रवण / अवलोकन किया गया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने जन-संवाद में दिए गए संदेश को गाँव-गाँव तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
इनकी रही सक्रिय भागीदारी
इस अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सखी (One Stop Centre), CHL, नवा बिहान, CCI स्टाफ, सेक्टर पर्यवेक्षक, CDPO एवं बीजदूतीर समन्वयक अशोक पांडेय, स्पर्श ऑर्गनाइजेशन से हर्षिता पांडेय बीजादूतेर स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।