रायपुर / जनवरी 2022/शासन की महत्वाकांक्षी गौठान योजना के तहत रायपुर जिले में पशुधन की समुचित सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है। वर्तमान में जिले में हो रही असामयिक वर्षा को देखते हुए संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवायें द्वारा पशु चिकित्सकों को गौठानों का सतत भ्रमण कर पशुधन की सुरक्षा के निर्देश दिये गए हैं।
पशु चिकित्सकों द्वारा गौठान में भ्रमण कर गौठान प्रबंधन समिति, महिला स्वसहायता समूह ,पशु सखी तथा चरवाहों को पशुओं के बचाव हेतु समझाईश दी जा रही हैं। गौठानों में पशुधन की सुरक्षा में किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए निकटतम पशु चिकित्सक को तत्काल सूचित करने हेतु कहा गया है। जिले में संचालित सभी 248 गौठानो की लगातार निगरानी की जा रही हैं।