छत्तीसगढ़

विधायक श्री मंडावी ने बीजापुर मुख्यालय में सी-मार्ट का किया शुभारंभ

बीजापुर 24 फरवरी 2022 – जिला मुख्यालय बीजापुर मूें स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों के विक्रय हेतु सी-मार्ट शोरूम का विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री विक्रम शाह मंडावी ने शुभारंभ किया। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने ग्रामीण एवं देशी उत्पादों का शहर में विक्रय कर, स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहो, बुनकरों, कुंभकार लघुवनोपज संग्राहको की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने इनके द्वारा निर्मित देशी उत्पादों का सीमार्ट के माध्यम से विक्रय किया जाएगा।
             बीजापुर में संचालित होने वाले सीमार्ट का संचालन ग्राम जैतालूर की मेघा स्व-सहायता समूह द्वारा किया जायेगा। बीजापुर के ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न उत्पाद जैसे तिखुर शेक, महुआ चाय, बांस से निर्मित विभिन्न कलाकृति कुर्सी-टेबल, डेकोरेशन समान, विभिन्न प्रकार के मसाले, फिनायल, पापड़, अचार, ब्लेक राईस, अलसी, काटा झाडू सहित विभिन्न देशी उत्पाद एवं समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित सामग्री का विक्रय किया जाएगा।
            उद्घाटन के दौरान विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार कटारा ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। साथ ही विभागीय अमला को सीमार्ट संचालनकर्ता समूह का आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन करने के निर्देश दिए। विधायक श्री मंडावी ने कहा आज ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भर बन रही है। सीमार्ट शोरूम आर्थिक समृद्धि के लिए मील का पत्थर साबित होगा। भविष्य में बड़े पैमाने पर आधुनिक शोरूम का स्वरूप दिया जाएगा। जिससे ग्रामीण महिलाएं समृद्ध एवं सम्पन्न बन सके। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री शंकर कुड़ियम जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री रवि साहू सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *