रायगढ़ मार्च 2022/ 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर निगम ऑडिटोरियम में महिला जागृति शिविर सह सम्मेलन आयोजित किया गया। इस खास मौके पर विभिन्न क्षेत्रों व विधाओं से जुड़ी महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री भीम सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत श्री निराकार पटेल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव, महापौर श्रीमती जानकी काटजू, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती पूनम सोलंकी, श्रीमती सुषमा प्रकाश नायक, डॉ.दिव्या मेरावी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती संगीता गुप्ता अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस मौके पर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि यूं तो साल के सभी दिन महिलाओं के लिए खास है पर यह 8 मार्च का दिन विशेष रूप से महिलाओं की उत्कृष्टता व उपलब्धि को समर्पित है। महिलाएं समाज के सभी क्षेत्रों में पूरे समर्पण के साथ कार्य कर रही है। अपने राज्य व देश के साथ-साथ वैश्विक परिदृश्य में देखे तो महिलाओं की उपलब्धियों के कई आयाम देखने को मिलते है। महिलाएं कार्यपालिका, विधायिका व न्यायपालिका सभी में अपना पूरा योगदान दे रही है। महिलाओं की अपनी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता व उसके निदान का दृढ़ निश्चय समस्याओं का बेहतर समाधान सामने ला रहा है। आज जनप्रतिनिधि के रूप में महिलाएं ऐसे निर्णय ले रही है जिससे देश व समाज के विकास के साथ महिला वर्ग की स्थिति अधिक मजबूत व प्रभावशील बने। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण व कुपोषण मुक्ति के लिए भी सक्रिय रूप से कार्यरत है। आंगनबाड़ी संचालन का कार्य महिलाओं को ही दिया गया है। गौरव का विषय है कि जिले की एक एएनएम श्रीमती प्रमिला देवांगन स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए आज राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो रही है। यह सब दिखलाता है कि महिलाएं अपने घर, परिवार की देखरेख के साथ अपने कार्य के प्रति कितनी समर्पित है। उन्होंने सभी महिलाओं को इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री निराकार पटेल ने अपने उद्बोधन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में अपनी पूरी भागीदारी निभा रही है। उनकी कर्तव्यशीलता व समर्पण इस देश व समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। महापौर श्रीमती जानकी काटजू ने महिला दिवस की सभी को शुभकामनायें दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका एवं विभाग के सभी लोग अपने दायित्वों को कर्तव्यनिष्ठा से निभा रहे है। जिससे शासन की नीतियों व प्रशासनिक पहल का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है। महिलाएं अपने कुशल प्रबंधन के बदौलत घर और बाहर दोनों की जिम्मेदारी अच्छे से निभा रही है और सामाजिक विकास में अपना बहुमूल्य योगदान दे रही है। नेता प्रतिपक्ष श्रीमती पूनम सोलंकी ने कहा कि आज का दिन हमारा दिन है और आप सभी को महिला दिवस की बधाई। यह दिन हम सभी महिलाओं की उपलब्धियों व योगदान के स्मरण व उस पर गर्व करने का दिन है। आज समाज के सभी क्षेत्रों के साथ महिलाएं जनप्रतिनिधि की भूमिका का निर्वहन प्रभावशाली तरीके से कर रही है। इस अवसर पर श्रीमती सुषमा प्रकाश नायक ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि महिलाएं पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही है। हर प्रोफेशन में आज महिलाएं सर्वोच्च पदों पर आसीन है। यह संवेदनशीलता के साथ उनकी दृढ़ इच्छा शक्ति व जिजीविषा को दिखाता है।
इन्हें किया गया सम्मानित
इस मौके पर नियमित महिला कोष की किश्त जमा करने हेतु तारिणी समूह पडिग़ांव की अध्यक्ष सावित्री साहू व चमेली साहू, दीपा स्व-सहायता समूह जुनापारा कापू की अध्यक्ष-राजकुमारी एक्का व सचिव-शीला तिग्गा, मुस्कान स्व-सहायता समूह संजयनगर रायगढ़ की अध्यक्ष-लक्ष्मी कनेर व सचिव-वर्षा साहू, वासु स्व-सहायता समूह खरसिया की शकुन्तला केसर खान व सचिव चंचला रजक को सम्मानित किया गया। इसी तरह माहवारी स्वच्छता में अपने ग्राम पंचायत एवं आसपास के गांवों को शत-प्रतिशत सेनेटरी युक्त करने के लिए शारदा स्व-सहायता समूह कोसमपाली को सम्मान मिला। मथुरा से अपने बच्चे को विषम परिस्थितियों में वापस लाने हेतु डिस्टीक चौहान घरघोड़ा, विभागीय कार्य हेतु श्रीमती सरिता श्रीवास्तव केस वर्कर सखी वन स्टॉप सेंटर रायगढ़, रिक्त चालक अंजना सिंह, विभागीय कार्य हेतु पूनम मित्तल, विनिता राठिया, सरिता साहनी, वैदेही यादव, एक हजार से अधिक प्रसव कराने के लिए असुन्ता टोप्पो एएनएम मिरीगुड़ा कापू, सक्षम योजनान्तर्गत नियमित राशि जमा करने के लिए पंकजनी माली को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार नगर पालिक निगम रायगढ़ अंतर्गत स्वच्छता दीदियों में श्रीमती प्रतिमा बरवा, श्रीमती बबली टंडन, श्रीमती रैमत यादव, श्रीमती बिन्को तिर्की, श्रीमती बबीता रात्रे, श्रीमती राधिका सारथी, श्रीमती बिन्दु कहरा, श्रीमती कुशियारी वारे, श्रीमती तारा महंत एवं श्रीमती मनीमती चौहान को सम्मानित किया गया।
