मुंगेली मार्च 2022 // आम लोगों को गौठान के प्रति जोड़ने के लिए आज जिले के विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम खेढ़ा में गौठान मेला का आयोजन किया गया। गौठान मेला में स्वसहायता समूह की महिलाओं ने स्वयं के द्वारा निर्मित वस्तुओं यथा वर्मी कम्पोस्ट, सामुदायिक बाड़ी के माध्यम से जैविक रूप से उगाए गए सब्जी, अगरबत्ती, चप्पल, मिट्टी के कलात्मक सामान, छत्तीसगढ़ी व्यंजन सहित अन्य आयमूलक गतिविधियों को स्टाॅल के माध्यम से प्रदर्शित किया। जिसे जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीमती लेखनी सोनू चंद्राकर, उपाध्यक्ष श्री संजीत बनर्जी, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत, जनपद पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री भूमिका देसाई, ग्राम के सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्टाॅल का अवलोकन किया और इसे खूब सराहा एवं इसे आम लोगों के लिए उपयोगी तथा सार्थक बताया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री वसंत ने स्वसहायता समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए उनके आयमूलक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान किसानों ने वर्मी कम्पोस्ट खाद की उपयोगिता को दृष्टिगत रखते हुए महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं से लगभग 02 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट खरीदा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप स्वसहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए गौठानों को मल्टीएक्टीविटी सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी तरह ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं आय को गति देने के लिए गौठानों में कृषि प्रसंस्करण की लघु इकाईयां स्थापित की जा रही है। जो लोगों के आजीविका का केन्द्र बनेगा।
![](https://www.statenewsservice.in/wp-content/uploads/2022/03/04.jpg)