छत्तीसगढ़

जिले में समाधान शिविरों का सुचारू आयोजन करने के निर्देश

बीजापुर 22 मार्च 2022 – जिले के सभी विकासखण्डों में आम जनता के साथ परस्पर संवाद स्थापित करने सहित ग्रामीणों की मांग एवं समस्याओं के निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारगर क्रियान्वयन के उद्देश्य से 23 मार्च से समाधान शिविरों का आयोजन किया जायेगा। इन सभी निर्धारित स्थानों पर समाधान शिविरों का सुचारू आयोजन सुनिश्चित किया जाये। वहीं आम जनता की मांग एवं समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ निराकृत किया जाये। जिले में ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल सुलभता के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता देकर पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित किया जाये। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार कटारा ने कलेक्टोरेट में आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।
                   कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार कटारा ने बैठक में अधिकारियों को समाधान शिविरों के सुचारू आयोजन करने सहित सभी ब्लाक स्तरीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले की उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा। वहीें सम्बन्धित क्षेत्र की मांग एवं समस्या को समयपूर्व ग्रामीणों से चर्चा कर यथासंभव समाधान किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने समाधान शिविरों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को देने के साथ ही उन्हे लाभान्वित किये जाने कहा। इसके साथ ही आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, राशन कार्ड प्रदाय किये जाने के निर्देश दिए। समाधान शिविरों में बैंकिंग सेवाओं की सुलभता के साथ मुद्रा ऋण तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित करने हेतु हितग्राही चयन किये जाने के निर्देश दिये। समाधान शिविरों में स्वास्थ्य शिविर के जरिये ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हे उपचार सुविधा उपलब्ध कराये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। कलेक्टर श्री कटारा ने जिले में ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल की उपलब्धता के लिए पुख्ता व्यवस्था करने अधिकारियों को निर्देर्शित किया कि इस दिशा में मैदानी अमले के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाये और किसी भी ग्राम या पारे-टोले में पेयजल की समस्या होने पर तुरंत अवगत कराया जाये तथा निराकरण के लिए पहल किया जाये। नल-जल योजनाओं के सुचारू संचालन हेतु उपयंत्री एवं तकनीकी सहायकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाये। वहीं नल-जल योजनाओं के मरम्मत कार्य सहित हेण्डपंप सुधार कार्यों को आगामी एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाये। नवीन स्वीकृत हेण्डपंप स्थापना कार्य को अतिशीघ्र पूर्ण किया जाये, इस दिशा में चिन्हीत ग्रामों तथा पारे -टोले में हेण्डपंप स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये। कलेक्टर श्री कटारा ने राज्य शासन की मंशानुरूप प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए सभी किसानों का ई-केवायसी सुनिश्चित करने हेतु अभियान चलाये जाने के निर्देश दिए। उन्होने इस दिशा में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों तथा पटवारियों की डयूटी लगाये जाने कहा। बैठक में मनरेगा के तहत रोजगारमूलक कार्यों, जल-जीवन मिशन के कार्य, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, जनसुविधा केन्द्रों में सेवाओं की सुलभता नवीन वनाधिकार पट्टे प्रदाय ईत्यादि की बिन्दुवॉर समीक्षा की गयी। बैठक में एसडीएम बीजापुर श्री देवेश कुमार धु्रव, एसडीएम भैरमगढ़ श्री एआर राणा, एसडीएम भोपालपटनम श्री हेमेन्द्र भूआर्य सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और जिले में पदस्थ तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों के सीएमओ मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *