गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ,अप्रैल 2022/ गर तमन्ना सच्ची हो तो राहें निकल आती है, गर तमन्ना झूठी हों तो बहाने मिल जाते है, को चरितार्थ कर दिखाया पनकोटा की मोगरा महिला स्व सहायता समूह। समूह की महिलाएं विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हार नहीं मानी और चारागाह में सामुदायिक बाड़ी विकास कर अन्य समूहों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बन गयी है। महिलाओं की लगभग डेढ़ माह की मेहनत और लगन का फल अब दिखने लगा है।
पेंड्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत पनकोटा गौठान के चारागाह में सामुदयिक बाड़ी विकास के लिए मुख्य समस्या सिंचाई की थी। सिंचाई हेतु चारागाह से नीचे लगभग 200 फीट की दूरी पर नाले में पानी होने तथा कम वोल्टेज होने के कारण सिंचाई में परेशानी हो रही थी। यह समस्या कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के संज्ञान में आने पर उन्होने उद्यानिकी विभाग के अधिकारी को समाधान के लिए निर्देशित किया। उद्यानिकी विभाग के अधिकारी श्री टी आर दिनकर के मार्गदर्शन और सहयोग से महिला स्व सहायता समूह ने चारागाह में लगभग 20 फीट लम्बा, 20 फीट चौड़ा तथा 10 फीट गहरा गढ्ढ़ा खोदा और उसमे तिरपाल लगाकर टुल्लू पंप से पानी भरा। उद्यानिकी विभाग द्वारा उन्हे सब्जी के पौधे सहित तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। गढ्ढे की पानी से सिंचाई सुविधा मिलने से महिलाओं में उत्साह का संचार हुआ। उनकी मेहनत रंग लायी और बाड़ी में लौकी एवं टमाटर का उत्पादन शुरू हो गया है। इस कार्य मे ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी, सरपंच, सचिव, और गौठान समिति का भी सहयोग सराहनीय रहा है।