रायगढ़, मई 2022/ कलेक्टर श्री भीम सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आजीविका संवर्धन से जुड़े विभाग की बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले में संचालित आजीविका संवर्धन से संबंधित विभागीय कार्यो की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रीपा(रूरल इंडस्ट्रियल पार्क) के तहत बनाए जा रहे मॉडल गोठानों जानकारी लेते हुए गोठानों में प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित एवं शेष बचे मॉडल गोठानों में विद्युत प्रबंध के कार्यो को अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि गोठानों में कार्यरत सक्रिय महिला समूह को लाभांश प्राप्त हो रहा है, सुनिश्चित करें। उन्होंने समूह के सदस्यों के आय में वृद्धि के लिए गतिविधियों की नियमित मॉनिटिरिंग के साथ व्यवसायिक लिंकेज के विस्तार पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के विभिन्न गोठानों में किए जा रहे आयमूलक गतिविधियों के साथ ही समूह की आय और लाभांश की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गतिविधियों के विस्तार से समूहों के लाभांश में वृद्धि होगी। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि वर्मी के अलावा मॉडल गोठानों 3-4 प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित सुनिश्चित करें। इसके साथ ही इन गोठानो में पानी, बिजली, मुर्गी शेड, मशीन की अतिरिक्त आवश्यकता की मांग आती है, तो अतिशीघ्र पूर्ण करें। जिससे शेष मॉडल गोठानों में प्रोसेसिंग एक्टीविटी का संचालन प्रारंभ हो। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि गोठानो में निर्मित सामग्री के मटेरियल की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखे। गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी, स्कूल एवं छात्रावास की मैपिंग की गयी है, जिससे ये संस्थान आवश्यक वस्तुओं की खरीदी संबंधित समूह से करेंगे।
कलेक्टर श्री सिंह ने गोठानों में शेड की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिससे समूह को गतिविधियों को संचालन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में गोठान के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां कम से कम 15-20 डिसमिल भूमि चिन्हांकित करें। जहां टांके निर्माण कर गोबर खरीदी के साथ गोधन न्याय योजना प्रारंभ किया जा सके। इस दौरान उन्होंने फारेस्ट गोठानों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फारेस्ट गोठानों के निर्माण कार्यो में तेजी लाने एवं मूलभूत सुविधाए के विस्तार के निर्देश दिए। जिससे इन गोठानों का संचालन प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने गोठानों की पंजियों का संधारण करने के निर्देश दिए। जिससे गोठानों की एक्टीविटी एवं समूह के कार्यो व लाभांश का मूल्यांकन किया जा सके। कलेक्टर श्री सिंह ने उप संचालक पशुपालन विभाग को सभी मॉडल गोठानों में मुर्गी शेड निर्माण का कार्य अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने मछली पालन विभाग की कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारी को निर्देश दिया कि गोठानो के अन्तर्गत मछली पालन के लिए व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने सी-मार्ट की संचालन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सी मार्ट में उपलब्ध सामग्री एवं अधिक मांग वाली वस्तुओं की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अधिक मांग वाली सामग्रियों को मांग अनुसार प्राथमिकता से रखा जाए साथ ही ब्लाकों से निर्मित सामग्री को सी-मार्ट में उपलब्ध करवाये।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत डॉ.रवि मित्तल, उप संचालक पशुपालन डॉ.आर.एच.पाण्डेय, सहायक आयुक्त आदिवासी श्री अविनाश श्रीवास, उप संचालक रेशम श्री कंवर, सहायक संचालक जिला पंचायत श्री महेश पटेल, सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
