कन्या हाई स्कूल तोंगपाल की छात्राओं ने रखी गणित विषय के शिक्षक की मांग सुकमा, जुलाई 2022/ जिले की शिक्षा व्यवस्था का संज्ञान लेने आज कलेक्टर श्री हरिस. एस ने छिदगढ़ विकासखंड में संचालित शैक्षणिक एवं आवासीय संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने बालिका आश्रम कुकानार, बालक आश्रम तोंगपाल, प्री मैट्रिक बालक छात्रावास कुकानार, कन्या हाई स्कूल तोंगपाल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकानार, पोटाकेबीन बालाटीकरा सहित अन्य संस्थानों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को प्रदाय सुविधाओं, शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री नितिन डडसेना, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री गणेश सोरी, तहसीलदार गादीरास श्री महेंद्र लहरे एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री हरिस. एस ने स्कूलों में बच्चों से चर्चा की और पठन-पाठन का आंकलन किया। इसके साथ ही बच्चों की दर्ज संख्या और नियुक्त शिक्षकों की जानकारी भी ली। कन्या हाईस्कूल तोंगपाल की छात्राओं ने कलेक्टर के समक्ष गणित विषय के शिक्षक की आवश्यकता बताते हुए मांग रखी। कलेक्टर श्री हरिस. एस ने जल्द ही गणित विषय के शिक्षक की नियुक्ति का आश्वासन दिया। आश्रम एवं पोटाकेबिन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवासीय व्यवस्था के साथ ही पेयजल व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, तथा शौचालयों का अवलोकन भी किया। उन्होंने अधीक्षकों से बच्चों को समय पर गरम भोजन, साफ शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर में साफ सफाई और शौचालयों की सफाई पर खास ध्यान देने को कहा।
कांजीपानी में गौठान और पशुपालन केंद्र का किया जायजा
कलेक्टर ने कांजीपानी गौठान में वर्मी खाद निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने टंकियों में भरी गोबर की मात्रा, गोठान में क्रय किए गए गोबर की मात्रा और उत्पादित वर्मी खाद की मात्रा की जानकारी ली। उन्होंने गुणवत्ता पूर्ण खाद निर्माण हेतु वर्मी टांका में पर्याप्त मात्रा में केंचुआ मिश्रित करने को कहा। उल्लेखनीय है की समय सीमा बैठक में उन्होंने प्रत्येक गौठान में एक पखवाड़े में लगभग 30 क्विंटल गोबर की खरीदी करने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने कांजीपानी में संचालित पशुपालन केंद्र का भी अवलोकन किया।