राहत एवं बचाव कार्य हेतु अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
मुंगेली, अगस्त 2022// जिले में लगातार बारिश के कारण नदी, नालों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री राहुल देव ने सभी अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने जिले के सभी प्राथमिक, उप और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मौसमी बीमारियों सहित अन्य आवश्यक दवाईयां भंडारण व वितरण करने और थाना प्रभारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सतत भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री देव नेे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि बारिश को दृष्टिगत रखते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है, फिर भी सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा है कि सुरक्षा दृष्टि से उफनती नदी, नालों के समीप ना जाएं और न हीं नदी, नालों को पार करें। वर्षा ऋतु में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित होने की आशंका और प्राकृतिक तथा नैसर्गिक घटनाओं में तात्कालिक राहत प्रदान करने एवं सूचनाआंे के आदान-प्रदान के लिए जिला कलेक्टोरेट मुंगेली के कक्ष क्रमांक 116 में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 07755-264440 है। उन्होंने लोगों से बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर उक्त दूरभाष नम्बर पर सूचना देने की अपील की है। कलेक्टर श्री देव नेे पंचायत सचिव, पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सत्यापन करने तथा तत्संबंध में बचाव व राहत कार्य हेतु कार्ययोजना तैयार करने और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित होने पर तत्काल अवगत कराने के भी निर्देश दिए हैं।