सुकमा, सितम्बर 2022/ कलेक्टर श्री हरिस एस. ने आज पोटाकेबिन और शासकीय स्कूल केरलापाल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पोटाकेबिन में बालकों के रहने खाने पीने संबंधी सुविधाओं का जायजा लिया। हाईस्कूल के बच्चों के लिए दोपहर का गर्म भोजन नहीं बनाये जाने की जानकारी देने पर अधीक्षक श्री रामशरण कश्यप और बीईओ श्रीमती रीना सिंह पर नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी दी। कलेक्टर ने स्कूल में बनाए जा रहे मध्यान्ह भोजन का अवलोकन किया और उन्होंने मध्यान्ह भोजन में अव्यवस्था और लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। औचक निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डीएन कश्यप सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री हरिस एस. ने बच्चों के लिए मच्छरदानी उपयोग करने का सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कमरों की खिड़कियों पर भी अनिवार्य रूप से मच्छरदानी लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने किचन, स्टोर रूम, शयन कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष आदि का निरीक्षण किया और विभिन्न कक्षों में व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पोटाकेबिन में संधारित होने वाले पंजियों का अवलोकन किया और पंजी संधारण दुरूस्त नहीं पाए जाने पर अधीक्षक को चेतावनी दी। कलेक्टर ने पोटाकेबिन निरीक्षण के दौरान अस्वथ्य पाए गए छात्र के स्वास्थ्य के संबंध में विस्तृत जानकारी अधीक्षक से ली। उन्होंने अधीक्षक को छात्र के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने किया साबुन निर्माण इकाई का अवलोकन
कलेक्टर श्री हरिस. एस ने ग्राम पंचायत केरलापाल में जीवन संदेश महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित किए जा रहे साबुन निर्माण इकाई का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने समूह की सदस्यों से साबुन निर्माण संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए साबुन की मार्केटिंग के लिए समूह की सदस्यों को प्रोत्साहित किया।
