मुंगेली, सितम्बर 2022//कलेक्टर श्री राहुल देव ने आज विकासखंड मुंगेली के ग्राम नवागांव (घु) में किसानों के खेत तक पहुंचकर गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने किसान श्री मनमोहन, श्री बिसाहू द्वारा ली गई फसल के वास्तविक रकबे का खसरा एवं नक्शा से मिलान कर सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम को फील्ड में जाकर त्रुटिरहित गिरदावरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने खसरा क्रमांक एवं वास्तविक रकबे में लगाए गए फसल का सही जानकारी दर्ज कर ऑनलाईन प्रविष्टि को भी प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान व मक्का खरीदी और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत रकबे के आधार पर किसानों को लाभ दिया जाता है। इसके लिए वास्तविक कृषक, उनके सही रकबे व उसमें लगाई गई फसल का सत्यापन होना आवश्यक है। जिले में ऐसे कई क्षेत्र हैं, जहां धान के अतिरिक्त अन्य फसलों का उत्पादन किया जाता है। उन्होंने कहा कि गिरदावरी कार्य शासन की प्राथमिकताओं में से एक है, अतः उन्होंने त्रुटिरहित गिरदावरी कार्य को निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभी धान उपार्जन केन्द्रों में चबूतरा निर्माण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस अवसर एसडीएम श्री अमित सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
