गौरेला पेंड्रा मरवाही, नवंबर 2022/मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप राज्य के युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने एवं उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से युवा उत्सव 2022-23 का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के इस कड़ी में 15 और 16 नवंबर को विकासखंड स्तरीय युवा उत्सव में युवा बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे है। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सौजन्य से आज फिजीकल कॉलेज मैदान पेंड्रा, माधव राव सप्रे महाविद्यालय गौरेला और सद्भावना भवन मरवाही में युवा उत्सव का आयोजन किया गया है।
युवा उत्सव आयोजन के संबंध में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार युवा वर्ग में 18 विधाओं में प्रतियोगिताएं हो रही है। इन विधाओं में लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी नाटक (हिन्दी, अंग्रेजी भाषा, छत्तीसगढ़ी), शास्त्रीय गायन हिन्दुस्तानी शैली, शास्त्रीय गायन कर्नाटक शैली, सितार वादन (शास्त्रीय वादन), बांसुरी वादन (शास्त्रीय वादन), तबला वादन (शास्त्रीय वादन), वीणा वादन (शास्त्रीय वादन), मृदगंम वादन(शास्त्रीय वादन), हारमोनियम वादन (सुगम वादन), गिटार वादन (भारतीय एवं पाश्चात्य संगीत), मणीपुरी (शास्त्रीय नृत्य), ओडिसी (शास्त्रीय नृत्य), भरतनाट्यम (शास्त्रीय नृत्य), कत्थक (शास्त्रीय नृत्य), कुचीपुड़ी (शास्त्रीय नृत्य), वक्तृत्व कला (शास्त्रीय नृत्य) शामिल हैं। इन विधाओं के अतिरिक्त पारंपरिक एवं अन्य गतिविधियां भी आयोजन में सम्मिलित की जा रही है।