तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत चलाया जाएगा विशेष जागरूकता अभियान
मुंगेली, दिसम्बर 2022// कलेक्टर श्री राहुल देव के द्वारा राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत कोटपा एक्ट (सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम) 2003 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिले में प्रवर्तन दल का गठन किया गया है। इस दल के माध्यम से जिले के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग तिथियों में तम्बाकू नियंत्रण हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में तम्बाकू उत्पादों के बढ़ते प्रचार-प्रसार व उपयोग के कारण प्रवर्तन गतिविधि को एक अभियान के रूप में किया जाना आवश्यक है। इस हेतु प्रवर्तन दल गठित की गई है। प्रवर्तन दल में पुलिस उप निरीक्षक, नगर पालिका अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, खाद्य निरीक्षक, औषधी निरीक्षक, कनिष्ठ श्रम आयुक्त, परिवहन अधिकारी और जिला नोडल अधिकारी शामिल हैं। जिनके द्वारा राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत कोटपा एक्ट के प्रभावी रूप से क्रियान्वयन हेतु 12 दिसम्बर को मुंगेली में, 19 दिसम्बर को लोरमी में, 26 दिसम्बर को पथरिया में प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। इसी प्रकार जनवरी और फरवरी माह में भी अलग-अलग तिथियों में कार्यक्रम का आयोजन होगा।