अब तक 01 लाख 87 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी सुकमा 28 दिसम्बर 2022/ सुकमा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में अब तक 01 लाख 87 हजार क्विंटल धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की गई है। समितियों से धान उठाव भी निरंतर रूप से किया जा रहा है। जिला खाद्य अधिकारी श्री जयवर्धन ठाकुर ने बताया की अब तक 61740 क्विंटल धान का डीओ जारी कर 48 हजार 020 क्विंटल का उठाव मिलर द्वारा किया गया है। इसके साथ ही 4518 क्विंटल का उठाव संग्रहण केंद्रों में किया जा चुका है। इस प्रकार कुल 52 हजार 538 क्विंटल धान का उठाव किया गया है।
सही तौल के साथ ही किया जा रहा धान क्रय
कलेक्टर श्री हरिस. एस द्वारा समस्त तहसीलदार को जिले में सुगमता और सही तौल से धान खरीदी सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए है। जिसके परिपालन में आज छिंदगढ़ तहसीलदार श्री महेंद्र लहरे द्वारा छिंदगढ़, कोडरीपाल और गुडरा समिति में धान खरीदी का औचक निरीक्षण किया गया। धान के सही तौल को मापने के लिए उन्होंने डिजिटल तराजू का इस्तेमाल कर धान का वजन लिया। बोरियों में प्रति बोरी मानक 40 किलो वास्तविक मात्रा पाई गई। उन्होंने समिति संचालकों और कर्मचारियों को तौल में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं करने की सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही धान विक्रय करने आए ग्रामीणों से चर्चा भी की। धान बेचने आए कृषकों ने कहा कि खरीदी केंद्रों में तौल कांटा सही है और बारदाना की गुणवत्ता भी बेहतर है। उन्होने बताया कि इस वर्ष जिले में खरीदी केन्द्रों की वृद्धि से सभी कृषकों को धान बेचने में सहुलियत हो रही है। पूर्व की भांति अब कृषकों को अपनी उपज लेकर लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती।
