छत्तीसगढ़

विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. महंत ने ग्राम खुड़िया में पर्यटन कुटीर का किया लोकार्पण

मुंगेली 28 मार्च 2023// छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. चरणदास महंत 27 मार्च को विकासखण्ड लोरमी के ग्राम खुड़िया में विधायक निधि से 02 लाख रूपये की लागत से निर्मित प्रोफेसर पी. डी. खेड़ा की स्मृति में बने पर्यटन कुटीर का लोकार्पण किया। डाॅ. महंत के ग्राम खुड़िया पहुॅचने पर बैगा आदिवासियों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक नृत्य के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान डाॅ. महंत को बैगा आदिवासियों द्वारा बनाई बीरन माला भी पहनाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने खुड़िया की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि खुड़िया में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिसे देखते हुए शासन-प्रशासन द्वारा खुड़िया को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज पर्यटन कुटीर का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने प्रोफेसर पी. डी. खेड़ा के खुड़िया क्षेत्र में दिए गए योगदान को भी याद किया।
कार्यक्रम में लोरमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री धर्मजीत सिंह और ग्रामीणों द्वारा खुड़िया को राजस्व ग्राम बनाने व उप तहसील का दर्जा देने की मांग की गई। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. महंत ने आवश्यक पहल करने की बात कही। ग्रामीणों द्वारा डाॅ. महंत को खुड़िया के कुम्हड़ा, तेन्दू और आलू भेंट किया गया। विधायक श्री सिंह ने कहा कि खुड़िया को राजस्व ग्राम बनने से यहां के ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा तथा उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के अध्यक्ष श्री अटल श्रीवास्तव ने कहा कि खुड़िया का प्राकृतिक नजारा मनोरम और शानदार है। यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या को देखते हुए आवश्यकतानुसार और विकसित किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. महंत ने लोरमी विधायक श्री सिंह के आग्रह पर नगर पंचायत लोरमी में 50 बिस्तर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का अवलोकन लिया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना की। इस अवसर पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री थानेश्वर साहू, अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री संजीत बनर्जी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जागेश्वरी वर्मा, श्री अघन सिंह मरावी, जनपद पंचायत लोरमी के उपाध्यक्ष श्रीमती खुशबू आदित्य वैष्णव, प्रतिष्ठित नागरिक श्री सागर सिंह बैस, श्री घनश्याम वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम लोरमी श्रीमती पार्वती पटेल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी, ग्राम के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *