छत्तीसगढ़

कड़ी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने से जरूर मिलती है सफलता – कलेक्टर

जवाहर नवोदय विद्यालय दाबो में मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव

मुंगेली, जुलाई 2023// जवाहर नवोदय विद्यालय दाबो में आज शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राहुल देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरूआत माॅ सरस्वती की छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व पूजा अर्चना के साथ हुई। तत्पश्चात विद्यार्थियों द्वारा भरतनाट्यम, शिव ताण्डव जैसे रंगारंग मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। प्रवेशोत्सव के दौरान अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को स्कूली बैग, किताबें प्रदान किया गया।
कलेक्टर श्री देव ने नवोदय विद्यालय के कक्षा 06वीं में चयनित विद्यार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस विद्यालय में प्रवेश लेना बहुत कठिन होता है। जिन बच्चों का चयन हुआ वह बहुत मेहनती है। कलेक्टर ने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने से सफलता जरूर मिलती है। हमें अपने जीवन में असफल होने पर कभी नहीं घबराना चाहिए, बल्कि उसका डटकर सामना करना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि अपने अंदर की प्रतिभा का पहचान कर देश की उन्नति में अपना योगदान दें और अपने माता-पिता व जिले के नाम रोशन करें। कलेक्टर ने स्कूल के टाॅपर्स से भी संवाद किया और उन्हें कैरियर मार्गदर्शन प्रदान किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल कूद में भी अपना प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल से मानसिक तनाव दूर होते है। विद्यालय के प्राचार्य श्री देवेन्द्र कुमार साहू ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए स्कूल के बारे में अवगत कराया। उन्होने बताया कि जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय दाबो में सत्र 2023-24 हेतु कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु 05 हजार 372 अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाईन आवेदन किया गया था। जिसमें से 40 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *