अंबिकापुर 12 अगस्त 2023/ आम नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता के साथ मिल-जुलकर आगे बढ़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर के पूर्व 14 अगस्त 2023 को सद्भावना स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन प्रातः 07ः00 बजे से किया जा रहा है। दौड़ शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर के खेल प्रांगण से आरम्भ होकर गुरुनानक चौक, महामाया चौक, संगम चौक, घड़ी चौक से होते हुए सिविल कोर्ट के सामने गाँधी स्टेडियम परिसर में सम्पन्न होगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक ने बताया कि दौड़ में जनप्रतिनिधि आम नागरिक, पुलिस बल, होमगार्ड बल, अधिकारी- कर्मचारी महाविद्यालय व विद्यालय के छात्र-छात्राएँ, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी व खिलाड़ी सभी भाग ले सकते हैं। उन्होंने नगर के आम नागरिक, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएँ एवं अधिकरी- कर्मचारियों से स्वतंत्रता दिवस के सम्मान में उक्त तिथि व स्थान में प्रातः 06ः30 बजे अपनी उपस्थिति व अधिक से अधिक संख्या में बढ़-चढ़ कर सद्भावना दौड़ में शामिल होने हेतु आग्रह किया है।