महंत राजा सर्वेश्वरदास हॉकी देश की अग्रणी प्रतियोगिता में शामिल
- ओलंपियन सहित अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दिखा रहे हैं जौहर
- नामचीन टीमों के खेलों का आनंद ले रहे हैं हॉकी नर्सरी के खेल प्रेमी
राजनांदगांव, फरवरी 2024। देश के साथ ही एशियाई देशों में पहचान बना चुकी महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 2024 का आयोजन हॉकी इण्डिया के मानचित्र में एक उल्लेखनीय कदम बढ़ाया है। सन् 1941 से प्रारंभ हुई इस प्रतियोगिता को देश व एशियाई देशों में अच्छी पहचान मिली है। इस वर्ष देश की नामचीन टीमों के साथ ही ओलंपियन एवं अन्तर्राष्ट्रीय खिलाडिय़ों का भी जमावड़ा इस हॉकी नर्सरी में है। इन खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन जहां एक ओर हॉकी नर्सरी की खेल प्रेमी जनता देख रही है, वहीं अतिथि टीमों के खिलाडिय़ों के अलावा स्थानीय नवीन खिलाडिय़ों को भी इनके खेल कौशल एवं तकनीकी खेल के सहारे अपने खेल को और उम्दा करने में मदद भी मिल रही है। यह प्रतियोगिता हॉकी खिलाडिय़ों के लिए अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए एक बेहतरीन मंच शाबित हो रहा है। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी निश्चित ही आगे चल कर भारतीय हॉकी टीम में शामिल होकर देश का नाम रौशन करेंगे।
देश की बहुप्रतिष्ठित टीमें ले रही हिस्सा-
दिग्विजय स्टेडियम समिति एवं आयोजन समिति द्वारा 29 जनवरी से 7 फरवरी 2024 तक आयोजित 80वीं महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता अन्तर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही है। इस वर्ष देश की प्रतिष्ठित एवं चुंनिदा टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहीं है। देश के विभिन्न राज्यों की श्रेष्ठ टीमों के अलावा विभिन्न संस्थाओं की भी नामचीन टीमें अपने हॉकी खेल कौशल का प्रदर्शन कर रही है। इस प्रतियोगिता में देश की 24 टीमें हिस्सा ले रही है। जिसमें पेट्रोलियम स्र्पोट्र्स प्रमोशन बोर्ड नई दिल्ली, आर्मी स्र्पोट्र्स कन्ट्रोल बोर्ड नई दिल्ली, रेल्वे कोच फैक्ट्री कपूरथला, साउथ सेंटर सिकंदराबाद, कस्टम पुणे, एयर फोर्स नई दिल्ली, साउथ दक्षिण पूर्व रेल्वे कोलकता, हॉकी तमिलनाडु, सेन्ट्रल रेल्वे मुम्बई, आर्मी इलेवन जालंधर, सेल अकादमी राउरकेला, दिल्ली एकादश, नवल टाटा जमशेदपुर, बंगाल हॉकी एसोसिएशन, एनसीओई लखनऊ, हॉकी महाराष्ट्र, जीएसटी चेन्नई, एनसीओई इम्फाल मणिपुर, स्र्पोट्र्स कॉलेज सैफई इटावा, सीटीसी मुम्बई, साई हॉस्टल सुंदरगढ़, हॉकी गंगपुर के साथ ही मेजबार हॉकी राजनांदगांव की टीमें प्रतियोगिता में शामिल है।
कई ओलपिंयन एवं अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी दिखा रहे जौहर-
संस्कारधानी राजनांदगांव में खेली जा रही 80वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 2024 में भाग लेने के लिए देश की बहुप्रतिष्ठित टीमें पहुंची हैं। इन टीमों से खेलने के लिए ओलंपियन एवं अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी पहुंचे है, जिसमें प्रमुख हॉकी खिलाड़ी देवेन्द्र वाल्मिकी ओलंपियन, एसवी सुनील ओलंपियन, हरपाल सिंह ओलंपियन, कोथाजीत सिंह ओलंपियन, गुरजिदंर सिंह अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी, तलविंदर सिंह अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी, दीपसन तिर्की अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी, शैलेन्द्र लकरा अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी के अतिरिक्त टीम के कोच देवेश चौहान ओलपिंयन, दीपक ठाकुर, ओलंपियन, हरपाल सिंह ओलंपियन भी हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा अन्य टीमों से भी अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
हॉकी इण्डिया के द्वारा नियुक्त किए निर्णायक व तकनीकि समिति-
देश में हॉकी को संचालित करने वाली सर्वोच्च संस्था हॉकी इण्डिया द्वारा इस हॉकी स्पर्धा के लिए निर्णायकों एवं तकनीकी समिति की नियुक्ति की गई है, जिसमें छत्तीसगढ़ के टेक्निकल डेलिगेट एम. रविराव को बनाया गया है, वहीं दिल्ली के अंपायर मैनेजर अन्तर्राष्ट्रीय निर्णायक पंकज त्यागी है। टेक्निकल ऑफिसर के रूप में छत्तीसगढ़ के इन्द्रपाल सिंह, कृष्णा कुमार यादव, श्रेयश चन्द्राकर, किशोर धीवर और अंपायर के रूप में महाराष्ट्र के राजकुमार झा, सूरज कुमार, राजस्थान के सिद्वार्थ गौर एवं छत्तीसगढ़ के अभिनव मिश्रा, राजेश निर्मलकर, शकील अहमद अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
खिलाडिय़ों को टर्मस एण्ड कण्डीशन के हिसाब से हो रहा भुगतान-
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली टीमों को आयोजन के पूर्व आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता हेतु निर्धारित टर्मस एवं कण्डीशन भेजी जाती है, जिसके पश्चात टीमें आयोजन में सम्मिलित होने सहमति पत्र भेजती हैं, उसी के अनुरूप टीमों को प्रतियोगिता में प्रवेश दिया जाता है और उनका भुगतान भी उन्हीं सेवा शर्तों के आधार पर भुगतान समिति द्वारा किया जा रहा है।
परिवहन एवं आवास व्यवस्था-
इस वर्ष आयोजित अखिल भारतीय हॉकी स्पर्धा में एक साथ 20 से अधिक टीमें हॉकी नर्सरी में पहुंचने के कारण परिवहन एवं आवास की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने समिति द्वारा लगातार प्रयास किये गये। इसके फलस्वरूप टीमों को नगर में उपलब्ध सुविधानुरूप आवास व परिवहन की व्यवस्था दी जा रही हैं। प्रतियोगिता में नियमानुरूप टीमों को मैच के दौरान ही मैदान तक लाने व ले जाने की व्यवस्था के साथ ही रेल्वे स्टेशन एवं हवाई अड्डे तक भी लाया व ले जा रहा है। इसके अलावा टीमों के अभ्यास व अन्य भ्रमण के लिए टीमों को एक्सीडेंटल चार्ज के रूप में एक निर्धारित राशि का भुगतान भी आयोजन समिति द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सम्मिलित होने वाली टीमों के भोजन की व्यवस्था टीमों को पूर्व में तय अनुसार भत्ता दिया जा रहा है, जिसका उपयोग खिलाड़ी अपने भोजन खर्च में करते हैं।