मुंगेली दिसंबर 2024/sns/ कलेक्टर श्री राहुल देव की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की सामान्य सभा एवं प्रबंध समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले में प्रबंधन समिति के गठन पर चर्चा हुई और सर्वसम्मति से सभापति के रूप में श्री महिपाल सिंह और उप सभापति के रूप में श्री संजीव गौरहा को मनोनीत किया गया। कलेक्टर श्री देव ने कहा कि रेड क्रॉस सेवा भाव का कार्य है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को सोसायटी का सदस्य बनाने एवं कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने रेडक्रास के आजीवन सदस्यो को निजी अस्पतालों एवं मेडिकल स्टोर में 10 प्रतिशत छूट प्रदाय करने पहल करने तथा इस हेतु सभी निजी अस्पतालों से समन्वय करने निर्देशित किया।
कलेक्टर ने ब्लड डोनर्स की लिस्टिंग कर ब्लड डोनर की डायरेक्टरी बनाने कहा, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को मदद मिल सके। विभागीय अधिकारियों को पदेन सदस्य बनाए जाने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित सदस्यता शुल्क जमा कर समिति का आजीवन सदस्य बनने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने रेडक्रास सोसायटी के अंतर्गत विभिन्न विभागों को दिए गए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति की समीक्षा की और लक्ष्य को पूरा करने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कॉल सेंटर के माध्यम से रेडक्रास से जुड़ी सहायता प्रदान करने हेल्पलाइन नम्बर जारी करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने बताया कि रेड क्रॉस की स्थापना 17 फरवरी 1863 को हेनरी ड्यूनेंट द्वारा जेनेवा स्विट्जरलैंड में की गई थी हेनरी ड्यूनेंट एक स्विस व्यवसायी और समाज सेवक थे, जिन्होंने युद्ध में घायल सैनिकों की देखभाल के लिए इस संगठन की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस मानवता, स्वैच्छिक सेवा पर आधारित संगठन है, जिसका मुख्य कार्य मानव जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा करना है। उन्होंने लोगों को रेड क्रॉस के उद्देश्यों के प्रति जागरूक करने एवं अभियान के रूप में अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाने की बात कही