कलेक्टर श्री ध्रुव ने धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
धान खरीदी के सुचारू क्रियान्वयन के लिए दिए आवश्यक निर्देश
सुकमा, जनवरी 2025/sns/ कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव शुक्रवार को जिले में हो रही धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए दौरे पर निकले। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी केंद्र केरलापाल, दुब्बाटोटा, कोंटा और एर्राबोर का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री ध्रुव ने धान की गुणवत्ता व नमी की मात्रा, धान खरीदी हेतु टोकन की स्थिति, समिति प्रभारी से कुल धान खरीदी की मात्रा, धान उठाव की स्थिति, पंजीकृत किसानों एवं धान विक्रय कर चुके किसानों की अद्यतन स्थिति, बारदाना की उपलब्धता सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बारदानों के अवलोकन के साथ साथ मापक यंत्र से खरीदे गए धान की गुणवत्ता की भी जाँच की। इस दौरान एसडीएम कोंटा श्री सबाब खान भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने केंद्र में धान के व्यवस्थित रख रखाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने समिति प्रबंधक को किसानों को नियमित रूप से जानकारी देने के निर्देश दिए कि किसान स्वयं के 50 प्रतिशत पुराने बारदानों में धान का विक्रय कर सकते हैं और किसान से धान खरीदी में लिए गये पुराने बारदानों पर शासन द्वारा निर्धारित मूल्य 25 रुपए प्रति बारदाना की दर से भुगतान विक्रय किये गये धान की राशि के साथ किया जाएगा।
अनियमितताओं पर कार्रवाई
केरलापाल धान खरीदी केंद्र में अनियमितता की शिकायत पर कलेक्टर श्री ध्रुव ने समिति प्रबंधक श्री मनीष कुमार बागड़े को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में धान की गुणवत्ता को मापक यंत्र से जांचने और गुणवत्तापूर्ण धान खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री ध्रुव कोंटा विकासखण्ड में स्थित आवासीय विद्यालय एर्राबोर में शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की कम उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।