छत्तीसगढ़

अवैध रूप से धान खपाने वाले कोचियों-बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखें – कलेक्टर

मुंगेली, 23 जनवरी 2025/sns/- कलेक्टर श्री राहुल देव और पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने जरहागांव धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां समिति प्रभारी से लक्ष्य के विरूद्ध अब तक की कुल धान खरीदी की मात्रा, मिलर्स द्वारा उठाव की स्थिति, विक्रय कर चुके पंजीकृत किसानों की संख्या आदि के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन का महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धान खरीदी का कार्य अंतिम पड़ाव पर है। शेष बचे पंजीकृत किसानों से धान खरीदी का कार्य समय पर पूर्ण कर लिया जाए। कोई भी पंजीकृत किसान धान विक्रय करने से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में धान के उठाव एवं रखरखाव की व्यवस्था देखी और अधिकारियों को जल्द से जल्द निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर जिला प्रशासन को तत्काल अवगत कराएं। उन्होंने संबंधित एसडीएम और राजस्व अधिकारियों को अवैध रूप से धान खपाने वाले कोचियों-बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखने, कोटवारों से सतत संपर्क बनाए रखने, खरीदी केंद्रों में जाकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध रूप से धान खपाने वालों की सूचना मिलने पर राजस्व और पुलिस की टीम द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की जा रही है। कहीं भी धान खरीदी के दौरान कोई गड़बड़ी की आशंका होती है, तो तत्काल सूचित करें। धान खरीदी के अंतिम समय में कोचियों-बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान खपाने की संभावना बढ़ जाती है। इस पर कड़ी निगरानी रखें और गंभीरतापूर्वक कार्य करते हुए धान खरीदी कार्य को संपादित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *