![]() |
जिला पंचायत सीईओ श्री त्रिपाठी ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
कवर्धा फरवरी 2024/sns/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान योजना) के तहत ग्रामीण महिलाओं को आजीविका संवर्धन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी लाने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कबीरधाम श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने दिए हैं। उन्होंने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया जाए।
सीईओ श्री त्रिपाठी ने बैंक लिंकेज प्रक्रिया में तेजी लाने और लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को सालाना एक लाख रुपए से अधिक की आय अर्जित करने योग्य बनाया जाए। इसके लिए सर्वे कार्य समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
स्थानीय जरूरतों के अनुसार व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा
जिला पंचायत सीईओ श्री त्रिपाठी ने बैठक में विकासखंड समन्वयकों, क्षेत्रीय समन्वयकों और पीआरपी सदस्यों को निर्देशित किया गया कि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप महिलाओं को विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ा जाए। स्व-सहायता समूहों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद निर्माण, बेहतर पैकेजिंग और बाजार उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए प्रेरित किया गया। मौसमी व्यवसायों को बढ़ावा देने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
ग्राम पंचायतवार समीक्षा, महत्वपूर्ण लक्ष्यों की समय-सीमा तय
जिला पंचायत सीईओ श्री त्रिपाठी ने बैठक के दौरान बिहान योजना के तहत चल रहे कार्यों की ग्राम पंचायतवार समीक्षा की गई। विभिन्न ब्लॉकों को परिवार समावेशन, लोकोस प्रोफाइल एंट्री, सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) कट-ऑफ और मॉडल सीएलएफ रिपोर्टिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के प्रमुख बिंदु
बोड़ला, पंडरिया, कवर्धा ब्लॉक में 75 प्रतिशत और लोहारा में 80 प्रतिशत परिवार समावेशन का लक्ष्य। सभी ब्लॉकों में लोकोस प्रोफाइल एंट्री को 100 प्रतिशत पूरा करने का निर्देश। सीएलएफ कट-ऑफ दो दिन में पूरा करने का निर्देश। मॉडल सीएलएफ प्रगति प्रतिवेदन की मार्च तक एंट्री सुनिश्चित करना। बैंक लिंकेज प्रक्रिया को 100 प्रतिशत पूरा करने पर जोर। चक्रिय निधि, स्टार्टअप फंड एवं इंटरप्राइजेज फाइनेंस के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना। लखपति दीदी योजना के तहत सभी आवश्यक सर्वे कार्य मार्च के प्रथम सप्ताह तक पूरा करने के निर्देश। लाइवलीहुड ऑफ-फार्म एवं नॉन-फार्म गतिविधियों की अद्यतन रिपोर्ट तैयार करना। सहवनीय कृषि के टारगेट की ऑनलाइन एंट्री पूरी करने के निर्देश। महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ा जाएगा महिला स्व-सहायता समूहों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन आवासों में आजीविका के अवसर प्रदान किए जाएंगे। इसके तहत निर्माण सामग्री की आपूर्ति, श्रम कार्य और अन्य सहायक कार्यों में समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
समाचार क्रमांक-192/ गुलाब डड़सेना फोटो/01
कृषि विज्ञान केंद्र में प्रधानमंत्री का वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का हस्तांतरण
कवर्धा, 24 फरवरी 2025। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत बिहार के भागलपुर से हुए सीधे प्रसारण में कबीरधाम जिले के लगभग 1 लाख 19 हजार से अधिक किसानों के खाते में 19वीं किस्त के तहत 26.12 करोड़ रुपये से अधिक राशि का हस्तांतरण किया गया। यह कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र कवर्धा में कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सैकड़ों किसानों की उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखण्डों से लगभग 150 किसान शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कृषकों को संबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में जिले के लाभान्वित किसानों को बधाई दी और कहा कि भारत सरकार किसानों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि किसानों के हित में लगातार नए कदम उठाए जा रहे हैं, जिसमें कृषि वैज्ञानिकों का बहुत बड़ा योगदान है।
कार्यक्रम में खुबचंद बघेल अलंकरण से सम्मानित श्री शिवकुमार चंद्रवंशी ने अपने उन्नत कृषि कार्यों के बारे में किसानों को जानकारी दी और अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में श्री अमित मोहंती, उपसंचालक कृषि, जिला कबीरधाम ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अलावा कृषि विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. बी.पी. त्रिपाठी ने कृषि विज्ञान केंद्र की गतिविधियों और प्राकृतिक खेती के विषय में विस्तार से जानकारी दी। श्री बी.एस. परिहार, विषय वस्तु विशेषज्ञ, सस्य विज्ञान ने समन्वित कृषि प्रणाली के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि और उत्पादन तकनीकों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. एन.सी. बंजारा, विषय वस्तु विशेषज्ञ, उद्यानिकी ने उन्नत सब्जी एवं फल उत्पादन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के विषय में किसानों को जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में डॉ. महानंद, प्रक्षेत्र प्रबंधक ने किसानों को प्रक्षेत्र भ्रमण कराकर कृषि विज्ञान केंद्र में स्थापित विभिन्न तकनीकी प्रदर्शन इकाइयों का भ्रमण कराकर विस्तार से जानकारी दी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री संतोष पाण्डेय, सांसद, राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र, श्री अमित मोहंती, उपसंचालक कृषि, कबीरधाम, और जिले के विभिन्न ग्रामों से आए सैकड़ों किसान एवं कृषि विज्ञान केंद्र के इंजीनियर टी. एस. सोनवानी, श्री बी.एस. परिहार, डॉ. एन.सी. बंजारा, डॉ. महानंद, श्री योगेश कुमार कौशिक, कार्यक्रम सहायक, और कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
समाचार क्रमांक-193/ गुलाब डड़सेना फोटो/02-05
भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना कवर्धा में पेराई सत्र 2024-25 में गन्ना पेराई बंद होने की तृतीय एवं अंतिम सूचना
कवर्धा, 24 फरवरी 2025। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, कवर्धा, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) द्वारा यह सूचना जारी की गई है कि पेराई सत्र 2024-25 में गन्ना खरीदी की अंतिम तिथि 26 फरवरी 2025 को रात्रि 12ः00 बजे तक निर्धारित की गई है। कारखाने के गन्ना विभाग ने संबंधित गन्ना उत्पादक कृषकों को गन्ना आपूर्ति पर्ची प्रदान कर दी है। जिन गन्ना उत्पादक कृषकों को किसी कारणवश गन्ना आपूर्ति पर्ची प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें तुरंत भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना कवर्धा के गन्ना विभाग या अपने क्षेत्र सहायक से संपर्क करके गन्ना आपूर्ति पर्ची प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
भोरमदेव शक्कर कारखाना के एमडी ने बताया कि जिन गन्ना उत्पादक कृषकों ने अपना शेष गन्ना जूस, बीज या गुड़ निर्माण हेतु सुरक्षित रखा है और वह गन्ना शक्कर कारखाना में पेराई के लिए विक्रय नहीं करना चाहते, उन्हें गन्ना विभाग को लिखित रूप से सूचित करने का अनुरोध किया गया है। एमडी द्वारा सभी गन्ना उत्पादक कृषकों से अपील है कि वे अपना शेष गन्ना 26 फरवरी 2025 को रात्रि 12 बजे तक कारखाना परिसर में पहुँचाकर सुनिश्चित करें। निर्धारित तिथि तक गन्ना शक्कर कारखाना में नहीं पहुँचाने पर, भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, कवर्धा किसी भी प्रकार के क्षतिपूर्ति या दावा के लिए जिम्मेदार नहीं होगा