अपने अधिकारों को पाने महिलाओं को होना होगा जागरूक-श्री हुंगाराम मरकाम
40 महिला कर्मचारियों को महिला सशक्तिकरण के लिए किया गया सम्मानित
सुकमा मार्च 2025/sns/ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को स्वामी विवेकानंद प्रशिक्षण केंद्र सुकमा में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे ने की। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग के महिला कार्यकर्ता एवं महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित हुईं। इस अवसर पर शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला बाल विकास विभाग में पदस्थ महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुल 40 महिला कर्मचारियों को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए मुख्य अतिथि के द्वारा सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधि श्री धनीराम ने कहा कि समाज में महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। सरकार की ओर से महिलाओं की सुरक्षा तथा सम्मान पर विशेष ध्यान देने के लिए महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। महिलाओ को अपना अधिकार पाने के लिए जागरूक होना आवश्यक है। छत्तीसगढ़ की सरकार ने महिलाओं के सम्मान में महतारी वंदन योजना शुरू किया है। योजनांतर्गत महिलाओं को घर बैठे 1000 की सम्मान राशि उनके खाते में प्राप्त हो रही है।
जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगाराम मरकाम ने कहा कि संस्थानों, कार्यालयों तथा अन्य स्थानों पर महिलाओं के उत्पीड़न को रोकने के लिए विभिन्न कार्यक्रमो के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जाता है। समाज तथा परिवार की महिलाओं को समानता का अधिकार प्राप्त होना चाहिए। आज महिलाएं हर क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही हैं। महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए शासन के द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाई जाती हैं। इस तरह अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपने वक्तव्य व्यक्त किए।
कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाये गए थे। इसके साथ ही कार्यक्रम में निबंध, चित्रकला, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इन विधाओं में विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि श्री बारसे के द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को मुख्य अतिथि के द्वारा बाल विवाह के रोकथाम के लिए शपथ भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सुकमा श्री हुंगाराम मरकाम, नगर पंचायत अध्यक्ष दोरनापाल श्रीमती राधा नायक, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बारसे माड़े, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री बिस्मिता पाटले, जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह बघेल, परियोजना अधिकारी श्री उत्तम कुमार, पार्षदगण सुकमा श्रीमती भुवनेश्वरी यादव, श्रीमती आयशा हुसैन, श्रीमती कांता राठी, श्री रमेश कर्मा, राजेन्द्र गुप्ता एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।