श्री राम लला दर्शन योजना के अंतर्गत 30 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या धाम के लिए रवाना प्रभारी अधिकारी श्री दिलीप उइके ने दी शुभ यात्रा की मंगलकामनाएँ

बीजापुर, 20 जनवरी 2026/sns/-छत्तीसगढ़ शासन की श्री राम लला दर्शन योजना के अंतर्गत जिले के 30 श्रद्धालुओं का एक दल सोमवार शाम अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
यात्रा से पूर्व प्रभारी अधिकारी श्री दिलीप उइके ने सभी श्रद्धालुओं को शुभ यात्रा की मंगलकामनाएँ देते हुए कहा कि यह योजना आम नागरिकों को भगवान श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य प्रदान करने का एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन एवं आपसी सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।
श्रद्धालुओं के प्रस्थान के दौरान कलेक्टर कार्यालय परिसर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से राममय हो उठा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर आस्था, प्रसन्नता और आध्यात्मिक उल्लास स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
उल्लेखनीय है कि श्री राम लला दर्शन योजना के माध्यम से राज्य शासन द्वारा श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम दर्शन की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आमजन की आस्था को भी सशक्त आधार मिल रहा है।
यह यात्रा न केवल श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभव लेकर आएगी, बल्कि सामाजिक समरसता एवं धार्मिक चेतना को भी सुदृढ़ करेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *