निक्षय मित्र बन कलेक्टर एवं जिला सीईओ ने पेश की मिसाल टीबी मरीजों को लिया गोद

सुकमा, 20 जनवरी 2026/sns/-“प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान“ को जिले में जन-आंदोलन का रूप देने के लिए सुकमा जिला प्रशासन ने एक प्रभावी पहल की है। जिले के कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर ने स्वयं श्निक्षय मित्रश् बनकर टीबी प्रभावित मरीजों को गोद लिया है। इस पहल के तहत अधिकारियों ने मरीजों को पूरक पोषण आहार किट प्रदान कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
दवा के साथ दुआ और डाइट का संगम
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी है, लेकिन सही समय पर उपचार और पौष्टिक आहार से इसे पूरी तरह मात दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि मरीजों को दवाइयों के साथ-साथ अतिरिक्त पोषण की आवश्यकता होती है, जिसे पूरा करने के उद्देश्य से यह “निक्षय मित्र“ पहल शुरू की गई है। प्रशासन का मानना है कि बेहतर पोषण से मरीजों की रिकवरी दर में तेजी आएगी और सुकमा जल्द ही टीबी मुक्त बनेगा।
जिलेवासियों से सहभागिता की अपील
प्रशासनिक प्रमुखों द्वारा स्वयं मरीजों को गोद लिए जाने के बाद जिले में सकारात्मक संदेश गया है। कलेक्टर ने जिले के संपन्न नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और औद्योगिक समूहों से अपील की है कि वे भी इस अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जिले को इस बीमारी के दंश से मुक्त कराया जा सकता है।
अभियान के प्रमुख उद्देश्य
कार्यक्रम के माध्यम से कुपोषण पर प्रहार कर टीबी मरीजों को प्रोटीन और विटामिन युक्त पूरक आहार सुनिश्चित किया जाएगा।
इसमें सामाजिक जागरूकता के माध्यम से टीबी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों और भेदभाव को खत्म करना तथा मरीजों के उपचार की नियमित ट्रैकिंग और उन्हें मानसिक संबल प्रदान करना प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *