अवैध धान परिवहन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई ओडिशा से लाया जा रहा 40 क्विंटल धान जब्त

सुकमा, 20 जनवरी 2026/sns/-मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप और कलेक्टर श्री अमित कुमार के कड़े निर्देशों के पालन में सुकमा जिला प्रशासन अवैध धान के कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को छिंदगढ़ ब्लॉक में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़नदस्ता दल ने ओडिशा से अवैध रूप से लाए जा रहे 40 क्विंटल धान को जब्त किया है।
गश्त के दौरान पकड़ी गई संदिग्ध पिकअप
एसडीएम छिंदगढ़ श्री वीपी खेस के नेतृत्व में गठित उड़नदस्ता दल मंगलवार दोपहर क्षेत्र में सघन गश्त पर था। दोपहर लगभग 2 बजे मुखबिर की सूचना और संदेह के आधार पर वाहन क्रमांक  OD 30 G 0510 (पिकअप) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में 80 बोरी धान (लगभग 40 क्विंटल) लदा पाया गया।
ओडिशा के रास्ते खपाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह धान ओडिशा के पदमगीरि से नयापारा गंजेनार (छत्तीसगढ़) की ओर अवैध रूप से खपाने के उद्देश्य से लाया जा रहा था। वाहन मालिक रंजन मंडल और चालक गोविंद मंडल (निवासी एमवी 86, ओडिशा) धान के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या मंडी पर्ची पेश नहीं कर सके। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध धान सहित वाहन को जब्त कर थाना छिंदगढ़ के सुपुर्द कर दिया है।
किसानों के हक पर डाका डालने वालों की खैर नहीं
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिले में केवल पात्र और पंजीकृत किसानों का ही धान खरीदा जाएगा। सीमावर्ती राज्यों से अवैध धान के प्रवेश को रोकने के लिए चेक पोस्ट और उड़नदस्ता दल 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से बिचौलियों और कोचियों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय किसानों ने प्रशासन के इस सख्त रुख की सराहना की है ताकि उन्हें धान बेचने में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। कार्यवाही के दौरान आरआई छिंदगढ़ श्री त्रिपाठी नाग, पटवारी श्री अनिल कुमार, श्री महेंद्र सिंह तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *