जिले में धान उपार्जन कार्य प्रगति पर, 29.05 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी

अंबिकापुर, 24 जनवरी 2026/sns/-   जिले में शासन द्वारा संचालित धान उपार्जन व्यवस्था के अंतर्गत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू एवं पारदर्शी रूप से जारी है। वर्तमान उपार्जन सत्र में अब तक जिले में कुल 29,05,390 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जबकि 11,02,830 क्विंटल धान का उठाव संबंधित मिलरों एवं एजेंसियों द्वारा किया गया है।

जिला खाद्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में धान उपार्जन के लिए कुल 60,335 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक 48,100 किसानों द्वारा समर्थन मूल्य पर धान का विक्रय किया जा चुका है। शासन के निर्देशानुसार उपार्जन केंद्रों की निर्धारित व्यवस्था से किसानों को समयबद्ध एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रकबा समर्पण की प्रक्रिया अंतर्गत जिले में कुल 20,945 किसानों द्वारा 2,348.81 हेक्टेयर कृषि भूमि का रकबा समर्पण किया गया है। रकबा समर्पण की कार्यवाही शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ की जा रही है।

धान उपार्जन के दौरान किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टोकन व्यवस्था, डिजिटल पंजीयन, तौल तथा भुगतान प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा उपार्जन व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों के अनुसार संबंधित उपार्जन केंद्रों में धान विक्रय करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित उपार्जन केंद्र अथवा विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें।    

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *