बुड़दी पोटा केबिन के 37 विद्यार्थी पहुंचे साइंस पार्क और कलेक्ट्रेट कार्यालय

सुकमा, 29 जनवरी 2026/sns/-जिला प्रशासन सुकमा के तत्वावधान में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और व्यावहारिक ज्ञान हेतु संचालित “शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम“ के अंतर्गत गुरुवार को पोटा केबिन बुड़दी के 37 विद्यार्थियों ने जिला मुख्यालय का दौरा किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य माध्यमिक स्तर के छात्रों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा जगाना, शासकीय कार्यप्रणाली से अवगत कराना और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना रहा।
विज्ञान के चमत्कारों का व्यावहारिक अनुभव
शैक्षणिक भ्रमण की शुरुआत जिला मुख्यालय स्थित साइंस पार्क से हुई। यहाँ विद्यार्थियों ने विज्ञान के कठिन सिद्धांतों को सजीव मॉडल्स के माध्यम से समझा। बच्चों को गति के नियम, दोलन, सूर्य घड़ी, तरंग, और ध्वनि की गति जैसे विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही, घर्षण, डी.एन.ए. की संरचना और भार के सिद्धांतों का प्रदर्शन कर उनकी वैज्ञानिक जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
प्रशासनिक कार्यप्रणाली का ज्ञान
साइंस पार्क के पश्चात विद्यार्थी जिला कार्यालय (कलेक्ट्रेट) पहुँचे। यहाँ बच्चों को विभिन्न सरकारी विभागों, उनके उत्तरदायित्वों और शासन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री शबाब ख़ान एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी ने छात्रों से आत्मीय चर्चा की। अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए उन्हें भविष्य में ऊंचे पदों पर पहुँचने और देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
पर्यावरण और जैव विविधता से जुड़ाव
भ्रमण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों को तुंगल बांध ले जाया गया। यहाँ उन्हें क्षेत्र की जैव विविधता और पर्यावरण आधारित पर्यटन के बारे में जानकारी दी गई। प्रकृति के करीब समय बिताने के बाद, सभी बच्चों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। अंत में, एक सुखद अनुभव और नई ऊर्जा के साथ विद्यार्थियों को उनके संस्थान के लिए विदा किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *