ई-संजीवनी से सुदूर वनांचल तक पहुंची विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं

मोहला, 12 फरवरी 2026/sns/- जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदूर वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से वीडियो कॉल पर मरीजों के उपचार का लाइव डेमोंस्ट्रेशन कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की उपस्थिति में किया।
लाइव डेमोंस्ट्रेशन दौरान यह प्रदर्शित किया गया कि किस प्रकार तकनीक के माध्यम से ग्रामीण मरीज और शहरी विशेषज्ञ डॉक्टर के बीच की दूरी समाप्त हो रही है। डेमोंस्ट्रेशन के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर से ऑनलाइन जुड़ी एक बुजुर्ग महिला मरीज से कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने संवेदनशीलता के साथ सीधी बातचीत की। उन्होंने मरीज से उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्या की जानकारी ली। लाइव सेशन में ही विशेषज्ञ डॉक्टर ने मरीज की समस्याएं सुनी और ऑनलाइन प्रिस्क्रिप्शन लिखी। संपूर्ण डिजिटल उपचार प्रक्रिया कलेक्टर एवं मौके पर उपस्थित अधिकारियों के समक्ष पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम उपस्थित रहें एवं उन्होंने ई-संजीवनी के माध्यम से दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि ई-संजीवनी सेवा के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा सुलभ हो सकेगी। इससे ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारियों के लिए जिला अस्पताल या बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और विशेष रूप से बुजुर्ग एवं असहाय मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि बीमारी की स्थिति में झाड़-फूंक या झोलाछाप चिकित्सकों के बजाय अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जाकर ई-संजीवनी जैसी शासकीय स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *